Faridkot News: फरीदकोट में सांप्रदायिक सद्भाव की अनूठी मिसाल: 20 वर्षों से जारी इफ्तार की साझा महफिल
Mar 12, 2026 7:48 PM
फरीदकोट: सूफी संतों की चरण-छोह प्राप्त फरीदकोट की ऐतिहासिक धरती शुक्रवार को एक बार फिर आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की गवाह बनने जा रही है। शहर की विभिन्न धार्मिक और समाजसेवी संस्थाओं के साझा सहयोग से 13 मार्च को एक भव्य 'इफ्तार पार्टी' का आयोजन किया जा रहा है, जो पिछले दो दशकों से निरंतर एकता का संदेश दे रही है।
यह नेक सफर पिछले 20 वर्षों से अनवरत जारी है और अब यह आयोजन फरीदकोट की संस्कृति का एक अभिन्न हिस्सा बन चुका है। आयोजकों का मानना है कि इस परंपरा का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग के बीच प्यार, शांति और एकजुटता को बढ़ावा देना है।
इस गरिमामयी समारोह में पंजाब आर्म्ड पुलिस (जालंधर) के एडीजीपी जनाब एम.एफ. फारूकी (आईपीएस) मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वे रोज़ेदारों के साथ बैठकर न केवल इफ्तार करेंगे, बल्कि शहरवासियों को अमन और चैन का संदेश भी देंगे।
यह विशेष कार्यक्रम सर्कुलर रोड स्थित महात्मा गांधी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित किया जाएगा, जिसकी शुरुआत शाम 6:20 बजे होगी और ठीक 6:40 बजे रोज़ा इफ्तार शूरू होगा।
आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष दिलावर हुसैन ने कहा कि रोज़ा केवल भूखा रहने का नाम नहीं है, बल्कि यह मन की शुद्धि और मानवता के दर्द को समझने का जरिया है। उन्होंने जोर दिया कि जब सभी धर्मों के लोग एक साथ बैठकर इफ्तार करते हैं, तो वह दृश्य समानता का सबसे बड़ा प्रतीक होता है।
उनके अनुसार, मजहब से ऊपर इंसानियत का रिश्ता होता है और इसी संदेश को फैलाने के लिए शहर के समस्त गणमान्य व्यक्तियों और नागरिकों से इस कार्यक्रम में पहुंचकर एकता की इस मशाल को और रोशन करने की अपील की गई है।