फरीदकोट में स्नैपचैट के जरिए चल रहे हाई-टेक ड्रग रैकेट का पर्दाफाश, लुधियाना के 3 तस्कर 200 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार
Mar 24, 2026 9:45 PM
फरीदकोट: नशा तस्करी के खिलाफ फरीदकोट पुलिस द्वारा चलाए जा रहे 'वॉर ऑन ड्रग्स' अभियान को उस वक्त एक बड़ी कामयाबी मिली, जब पुलिस ने सोशल मीडिया ऐप के जरिए संचालित हो रहे एक हाई-टेक ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लुधियाना के रहने वाले तीन तस्करों को 200 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस की नजरों से बचने के लिए अत्याधुनिक तकनीकों और गायब होने वाले मैसेजिंग फीचर वाले ऐप्स का सहारा ले रहे थे।
एसएसपी फरीदकोट डॉ. प्रज्ञा जैन के नेतृत्व में शुरू किए गए इस विशेष अभियान के दौरान एसपी (इन्वेस्टिगेशन) श्री जोगेश्वर सिंह गोराया और डीएसपी श्री इकबाल सिंह की देखरेख में जैतो बाजाखाना थाने की पुलिस ने फरीदकोट-बठिंडा बॉर्डर पर स्थित गांव डोड के पास विशेष नाकाबंदी की थी।
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया गया। शक के आधार पर जब उनकी तलाशी ली गई, तो उनके पास से 200 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आनंद कुमार पांडे, अजय कुमार और निखिल कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से लुधियाना के निवासी हैं।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपियों ने बताया कि वे पुलिस की ट्रैकिंग और सबूतों से बचने के लिए स्नैपचैट ऐप का इस्तेमाल करते थे।
नशीले पदार्थों की डिलीवरी, लोकेशन शेयरिंग और पैसों के लेनदेन से जुड़ी सारी संवेदनशील जानकारी इसी ऐप के जरिए साझा की जाती थी, ताकि मैसेज डिलीट होने के बाद कोई पुख्ता सबूत न बचे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन के अलावा नशा तोलने के लिए एक कंप्यूटर कांटा, दो मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
इस मामले में बाजाखाना पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस नंबर 43 दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर उनका रिमांड हासिल किया जा रहा है, ताकि इस तस्करी नेटवर्क की 'फॉरवर्ड और बैकवर्ड' कड़ियों को जोड़ा जा सके। रिमांड के दौरान इस बात की गहनता से जांच की जाएगी कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों को बेचा जाना था।
एसएसपी ने आम जनता से भी अपील की है कि वे समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए तस्करों के बारे में किसी भी तरह की सूचना तुरंत पुलिस के साथ साझा करें।