फरीदकोट में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही: अवैध घर पर चला बुलडोजर, नशा विरोधी मुहिम के तहत प्रशासन-पुलिस का एक्श
Apr 21, 2026 5:01 PM
फरीदकोट: पंजाब के फरीदकोट जिले के कोटकपूरा स्थित जीवन सिंह नगर में मंगलवार को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासन और पुलिस ने एक तस्कर के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया। यह कार्रवाई ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत की गई, जिसमें सिविल प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। नगर कौंसिल के ईओ अमृत लाल के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस दौरान एसपी हेडक्वार्टर फरीदकोट मनविंदर बीर सिंह, डीएसपी संजीव कुमार और ड्यूटी मजिस्ट्रेट गुरचरण सिंह बराड़ भी मौजूद रहे।
गैरकानूनी निर्माण पर कार्रवाई
एसपी मनविंदर बीर सिंह ने बताया कि यह निर्माण जसविंदर सिंह उर्फ काका के परिवार द्वारा बिना अनुमति के किया गया था। सक्षम प्राधिकरण से मंजूरी मिलने के बाद प्रशासन ने इस अवैध इमारत को गिराने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस और नगर कौंसिल की टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर निर्माण को ध्वस्त किया।
परिवार पर दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
जांच में सामने आया है कि इस परिवार के कई सदस्य नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार परिवार के खिलाफ कुल 23 मामले दर्ज हैं। इनमें अनमोल सिंह उर्फ गुन्नू पर 12 केस, उसके भाई गगन पर 4, माता कमलेश रानी पर 5 और जीजा प्रदीप सिंह उर्फ सन्नी पर 2 मामले दर्ज हैं।
नोटिस के बावजूद नहीं दिया जवाब
नगर कौंसिल के ईओ अमृत लाल ने बताया कि अवैध निर्माण को लेकर परिवार को कई बार नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद परिवार की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। ऐसे में कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रशासन को यह सख्त कदम उठाना पड़ा।
नशा विरोधी अभियान में तेजी
एसपी मनविंदर बीर सिंह ने बताया कि जिले में एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के निर्देशों के तहत नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य जिले को नशा मुक्त बनाना और अपराध पर नियंत्रण पाना है।
बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां और बरामदगी
पुलिस के अनुसार मार्च 2025 से अब तक जिले में 1277 मामलों में 1909 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 41 किलो से अधिक हेरोइन, 7 किलो अफीम, करीब 20 क्विंटल पोस्त, 23 हजार नशीली गोलियां और लगभग 18 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है। इसके अलावा पिछले 20 महीनों में नशा तस्करों की करीब 9 करोड़ रुपये की संपत्ति भी फ्रीज की जा चुकी है।