डाइट में गणित प्रवक्ताओं की पांच दिवसीय कार्यशाला शुरू हरियाणा सरकार की पहल से मिलेगी नई शिक्षण दिशा

Narnaul News: हरियाणा सरकार की शिक्षा नीति को धरातल पर उतारने की दिशा में एक और अहम कदम बढ़ाते हुए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), महेंद्रगढ़ में मंगलवार को एससीईआरटी गुरुग्राम के तत्वावधान में गणित प्रवक्ताओं के लिए पांच दिवसीय विशेष कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कार्यशाला का उद्घाटन संस्थान के प्रिंसिपल एवं जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विश्वेश्वर कौशिक के मार्गदर्शन में किया गया।
यह कार्यशाला राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के प्रावधानों के अनुरूप प्रवक्ताओं को निर्धारित 50 घंटे के प्रशिक्षण लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में आयोजित की जा रही है। कार्यशाला के दौरान प्रवक्ताओं को नई तकनीकों के प्रयोग की जानकारी दी जाएगी, ताकि विद्यार्थियों में गणित विषय के प्रति रुचि जागृत हो सके। साथ ही शिक्षकों को नवीनतम तकनीक के अनुरूप अपने सतत व्यावसायिक विकास के अवसर भी मिलेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक क्षमता, रचनात्मकता और सृजनात्मकता का विकास करना है।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ विश्वेश्वर कौशिक ने कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त नवीनतम शिक्षण विधियों और विषय में हुए सार्थक बदलावों को शिक्षकों को अपनी कक्षाओं तक पहुंचाना होगा, तभी इस प्रकार के प्रशिक्षण और कार्यशालाओं का वास्तविक उद्देश्य सार्थक सिद्ध हो पाएगा।
कार्यशाला के पहले दिन प्रवक्ताओं का स्वागत करते हुए उन्हें पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया गया। इसके साथ ही प्रवक्ताओं का प्री-टेस्ट के माध्यम से मूल्यांकन भी किया गया। कार्यक्रम पूर्ण होने के बाद पोस्ट-टेस्ट और इंपैक्ट स्टडी के जरिये इसकी सार्थकता का आकलन किया जाएगा।
कार्यशाला में आईएफएससी इंचार्ज डॉ. ईश्वर चंद शर्मा तथा डीआरयू विंग प्रमुख नरेश कुमार गोयल मुख्य रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने प्रवक्ताओं को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
कार्यशाला के सफल आयोजन में गणित प्रवक्ता जितेंद्र यादव, महेश यादव, डॉ. ज्योति खन्ना, डॉ. किरण, डॉ. पूजा, विकास कुमार सहित डाइट का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और अपना सहयोग दिया।
