Search

वडोदरा में बस के ट्रक से टकराने के कारण छह लोगों की मौत, 20 घायल

Jun 17, 2026 10:24 AM

वडोदरा: गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार तड़के एक निजी बस के राजमार्ग पर खड़े एक ट्रक से टकरा जाने से छह लोगों की मौत हो गई और करीब 20 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा वडोदरा-हालोल राजमार्ग पर कोटांबी गांव के पास तड़के करीब चार बजे हुआ। वडोदरा के जिला पुलिस अधीक्षक सुशील अग्रवाल ने बताया कि राजस्थान से गुजरात के सूरत जा रही लग्जरी बस, ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। उन्होंने बताया कि ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और उसका चालक टायर में हवा के दबाव की जांच रहा था तभी तेज रफ्तार बस ने उसे पीछे से टक्कर मार दी।

अग्रवाल ने कहा, ‘‘टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 20 अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।’’ अधिकारी ने बताया कि बस में सवार अधिकतर यात्री राजस्थान के थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद वडोदरा ग्रामीण के जरोद थाने के कर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बस को हुए भारी नुकसान को देखते हुए बचाव कार्य में मदद के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के दलों को भी बुलाया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!