Search

गुरुग्राम पुलिस का बड़ा एक्शन: इंटरनेशनल ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, फिलीपींस से जुड़े तार

Apr 04, 2026 11:16 AM

गुरुग्राम।  गुरुग्राम की साइबर साउथ थाना पुलिस ने तकनीकी निगरानी और खुफिया इनपुट के आधार पर इस फर्जी कॉल सेंटर की जड़ों तक पहुंचने में कामयाबी हासिल की है। एसआई सोमवीर की तहरीर पर दर्ज मामले के अनुसार, यह कॉल सेंटर विदेशों में बैठे शातिर ठगों के लिए एक 'ब्रिज' का काम कर रहा था।

आरोपी 'सिम बॉक्स' के जरिए विदेशी कॉल्स को भारतीय नंबर्स पर डाइवर्ट करते थे, जिससे पीड़ित को लगता था कि कॉल स्थानीय अधिकारी या एजेंसी से आ रही है। इसके बाद लोगों को कानूनी पचड़ों या अन्य फर्जी डर दिखाकर उनसे मोटी रकम ऐंठी जाती थी।

डायरेक्टर फरार, पुलिस ने जांच के लिए दिया था नोटिस

इस फर्जीवाड़े की कमान दिल्ली निवासी मनोज के हाथों में थी, जो टिकल कॉल सेंटर का डायरेक्टर बताया जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि दो दिन पहले पकड़े गए एक अन्य कॉल सेंटर की तफ्तीश के दौरान मनोज का नाम उछला था।

पुलिस ने उसे नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने का मौका दिया था, लेकिन गिरफ्तारी के डर से वह फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, जांच में शामिल न होने और ठगी के सीधे प्रमाण मिलने के बाद अब उसके खिलाफ आधिकारिक एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

फिलीपींस कनेक्शन ने उड़ाए होश

प्रारंभिक जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे चौंकाने वाले हैं। गुरुग्राम के इस सेंटर का सीधा नेटवर्क फिलीपींस और कुछ अन्य दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों से जुड़ा पाया गया है। विदेशी ठग यहां के सिम कार्ड्स और सर्वर का इस्तेमाल कर सुरक्षित तरीके से अपराध को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इस सेंटर के जरिए अब तक कितने करोड़ की ठगी की जा चुकी है और मनोज के पीछे कौन से बड़े सफेदपोश चेहरे छिपे हैं। साइबर थाना पुलिस का दावा है कि जल्द ही मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे होगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!