Search

करनाल क्राइम: ककारों को गली में फेंकने पर भड़का सिख समाज, कुंजपुरा थाने में केस दर्ज

May 20, 2026 1:28 PM

करनाल। करनाल जिले के तहत आते गांव सलारपुर में धार्मिक सौहार्द को बिगाड़ने वाली एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां कुछ असामाजिक और शरारती तत्वों ने गांव के ही सुच्चा सिंह के घर को निशाना बनाया। आरोपी घर के भीतर से सिख धर्म के बेहद पवित्र और अनिवार्य अंग माने जाने वाले 'ककारों' को उठाकर बाहर ले आए और उन्हें गली में फेंक कर उनकी घोर बेअदबी की। जैसे ही यह खबर आसपास के इलाकों में फैली, सिख समुदाय के लोग एकजुट होने लगे और गांव में तनाव की स्थिति बन गई।

जत्थेदार जगदीश सिंह झिंडा ने लिया संज्ञान, मौके पर पहुंचे सिख नेता

इस संवेदनशील मामले की भनक लगते ही हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जत्थेदार जगदीश सिंह झिंडा तुरंत एक्शन में आ गए। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए कमेटी के पदाधिकारियों को फौरन धरातल पर पहुंचने के निर्देश दिए। अध्यक्ष के आदेश पर अंतरिम कमेटी सदस्य सरदार पलविंदर सिंह और वरिष्ठ सदस्य सरदार गुरनाम सिंह लाडी डबरी ने सलारपुर गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और पूरी घटना का ब्यौरा लिया। सिख नेताओं ने जिला पुलिस प्रशासन से दोटूक शब्दों में कहा कि धार्मिक आस्था के साथ ऐसा खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कुंजपुरा थाने में मुकदमा दर्ज, बीएनएस की धारा 299 के तहत एक्शन

कमेटी के आईटी विभाग के इंचार्ज हरकीरत सिंह ने घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया कि कुछ स्थानीय युवकों ने जानबूझकर माहौल खराब करने की नीयत से इस ओछी हरकत को अंजाम दिया है। इस संबंध में कुंजपुरा थाना प्रभारी (SHO) विक्रांत कुमार को एक लिखित शिकायत दी गई। मामले की संवेदनशीलता और बिगड़ते माहौल को देखते हुए पुलिस ने भी तत्परता दिखाई। कुंजपुरा पुलिस ने देर न करते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 (धार्मिक भावनाओं को आहत करना) व अन्य सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस दे रही दबिश

थाने में शिकायत दर्ज कराने और मौके पर स्थिति का मुआयना करने के दौरान पीड़ित सुच्चा सिंह के परिवार के अलावा डॉ. संदीप सिंह (इंचार्ज पब्लिकेशन), भाई जगविंदर सिंह, भाई जुझार सिंह सोनी, भाई जोबनप्रीत सिंह, भाई सिमरनजीत सिंह और भाई गुरप्रीत सिंह सहित समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराते हुए भरोसा दिलाया कि कानून के हाथ बहुत लंबे हैं और इस घिनौने कृत्य में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!