Search

खुशखबरी! गुरुग्राम में शुरू हुई नई सिटी बस सेवा, इन 18 स्टॉप्स पर रुकेगी बस

Mar 29, 2026 11:38 AM

गुरुग्राम। दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम में यातायात की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) ने शहर के व्यस्ततम इलाकों को जोड़ने के लिए रूट नंबर 111 पर नई सिटी बस सेवा का परिचालन शुरू कर दिया है। यह नया बस रूट विशेष रूप से उन इलाकों को कवर कर रहा है जहां यात्रियों को पहले ऑटो या निजी टैक्सियों के लिए अपनी जेब ढीली करनी पड़ती थी। हीरो होंडा चौक से शुरू होकर सेक्टर 55-56 रैपिड मेट्रो स्टेशन तक जाने वाली यह बस सेवा शहर के लाइफलाइन माने जाने वाले कई प्रमुख मोड़ों से होकर गुजरेगी।

ऑटो के धक्के और निजी वाहनों की निर्भरता होगी कम

जीएमसीबीएल द्वारा कराए गए एक आंतरिक सर्वे में यह बात सामने आई थी कि हीरो होंडा चौक और गोल्फ कोर्स रोड के बीच सफर करने वाले यात्रियों की संख्या काफी अधिक है, लेकिन सीधी बस सेवा न होने के कारण लोग अपने निजी वाहनों या महंगे ऑटो पर निर्भर थे। इसी को ध्यान में रखते हुए इस रूट पर दो बसें तैनात की गई हैं। यह सेवा न केवल सुभाष चौक और हुडा सिटी सेंटर जाने वालों के लिए वरदान साबित होगी, बल्कि उन लोगों के लिए भी राहत की बात है जो रोजमर्रा के काम के लिए सेक्टर 37 और 48 के औद्योगिक क्षेत्रों में जाते हैं।

18 बस स्टॉप्स और मेट्रो स्टेशन तक सीधी पहुंच

रूट नंबर 111 का चार्ट इस तरह तैयार किया गया है कि यह शहर के महत्वपूर्ण जंक्शंस को छूते हुए निकले। इसके प्रमुख स्टॉप्स में इन्फो सिटी, मार्बल मार्केट, सुभाष चौक, सेक्टर 38, बख्तावर चौक, यूनिटेक साइबर पार्क और आर्टेमिस अस्पताल शामिल हैं। अंत में यह बस सेक्टर 55-56 के रैपिड मेट्रो स्टेशन तक जाएगी, जिससे यात्रियों के लिए 'लास्ट माइल कनेक्टिविटी' का सपना साकार होगा। बस सेवा के इस विस्तार से सेक्टर 57, जलवायु विहार और इस्कॉन मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और निवासियों को भी सुविधा मिलेगी।

ई-बसों का इंतज़ार: क्लीन और ग्रीन ट्रांसपोर्ट की ओर कदम

गुरुग्राम में वर्तमान में 25 विभिन्न रूटों पर 150 से अधिक सीएनजी बसें दौड़ रही हैं, लेकिन प्रशासन अब इसे और भी आधुनिक बनाने की तैयारी में है। अगले महीने तक जीएमसीबीएल के बेड़े में 100 नई इलेक्ट्रिक बसें जुड़ने वाली हैं। सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों को सार्वजनिक परिवहन की ओर मोड़ना है ताकि सड़कों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम और बढ़ते प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित किया जा सके। नई बसों के आने से न केवल फेरों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि यात्रियों को एसी बसों में आरामदायक सफर का अनुभव भी मिलेगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!