Sheetla Mata Mandir Gurugram: गुरुग्राम शीतला माता मंदिर में मुंडन के नाम पर वसूली, श्रद्धालु ने वीडियो जारी कर खोली व्यवस्था की पोल
Jun 18, 2026 2:09 PM
गुरुग्राम। लाखों श्रद्धालुओं की अगाध श्रद्धा का केंद्र और गुरुग्राम की कुलदेवी के रूप में पूजे जाने वाली श्री शीतला माता का मंदिर इस समय एक बेहद शर्मनाक विवाद के घेरे में आ गया है। सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे एक वीडियो ने मंदिर प्रबंधन और वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक पीड़ित पिता ने अपने बच्चे का मुंडन कराने के दौरान हुए कड़वे अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि कैसे कदम-कदम पर भक्तों की जेब काटने का एक संगठित ताना-बाना वहां बुना जा चुका है।
500 का वीआईपी टोकन और नाई की अपनी मनमानी
अजय पटौदी नाम के एक शख्स द्वारा साझा किए गए इस वीडियो के मुताबिक, मंदिर में बच्चों के मुंडन संस्कार को पूरी तरह व्यापार में तब्दील कर दिया गया है। अजय ने बताया कि जब वे अपने बच्चे का मुंडन कराने पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि अगर वीआईपी हॉल में मुंडन करवाना है तो 500 रुपये का टोकन लेना होगा। उन्होंने पैसे देकर टोकन तो ले लिया, लेकिन अंदर जाने पर दो एसी के अलावा कोई विशेष सुविधा नहीं थी। हद तो तब हो गई जब मुंडन करने वाले नाई ने भी रसीद के अलावा मुंह खोलकर 101 रुपये की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी और कम पैसे देने पर बहस करने लगा।
'50 मीटर दूर से आ रही थी शराब की बदबू', बाल चढ़ाने वाले स्थान पर नशेड़ी का पहरा
शिकायतकर्ता ने इसके आगे जो खुलासा किया, वह किसी भी सनातनी और श्रद्धालु को आहत करने के लिए काफी है। मुंडन के बाद जब वे परंपरा के अनुसार बच्चे के बाल चढ़ाने के लिए तय स्थान पर पहुंचे, तो वहां धार्मिक चोला ओढ़े एक बाबा बैठे हुए थे। अजय का सीधा आरोप है कि वह तथाकथित बाबा पूरी तरह शराब के नशे में धुत था और उसके मुंह से भयंकर बदबू आ रही थी। पवित्र स्थान पर बैठकर वह शख्स भक्तों से सीधे 251 रुपये चढ़ाने की जिद पर अड़ा हुआ था। श्रद्धालु ने सवाल उठाया कि क्या ऐसे असामाजिक तत्वों के भरोसे सरकारें और कमेटियां इतने बड़े ऐतिहासिक मंदिर की साख चला रही हैं?
आम आदमी की पहुंच से दूर होती जा रही पूजा, सरकार से दखल की मांग
वीडियो के जरिए पीड़ित श्रद्धालु ने मुख्यमंत्री, गुरुग्राम प्रशासन और शीतला माता मंदिर शाइन बोर्ड की कमेटी से हाथ जोड़कर विनती की है कि इस खुली लूटपाट और हुड़दंग को तुरंत बंद कराया जाए। उन्होंने कहा कि अगर कोई गरीब या मध्यमवर्गीय परिवार अपनी कुलदेवी के दर्शन करने और बच्चों के संस्कार निभाने आता है, तो वह इस वीआईपी कल्चर और अवैध वसूली के आगे बेबस हो जाएगा। हालांकि, 'जग मार्ग' इस वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है, लेकिन जिस तरह से यह वीडियो जनमानस में चर्चा का विषय बना हुआ है, उसे देखते हुए जिला प्रशासन को इस पर तुरंत संज्ञान लेकर जांच बिठानी चाहिए।