Search

करनाल में सजेगी सुरों की महफिल: विश्व संगीत दिवस पर 'गुदगुदी जंक्शन' ला रहा है 'एक शाम-सुरों के नाम'

Jun 18, 2026 2:35 PM

नीलोखेड़ी (महाबीर मैहला)। सीएम सिटी करनाल के संगीत प्रेमियों के लिए जून का यह वीकेंड बेहद खास होने जा रहा है। कुरुक्षेत्र की जानी-मानी सामाजिक और सांस्कृतिक संस्था 'गुदगुदी जंक्शन समूह' की करनाल शाखा आगामी 21 जून को विश्व संगीत दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य संगीतमयी शाम का आयोजन करने जा रही है। "एक शाम-सुरों के नाम" शीर्षक से होने वाले इस जलसे को लेकर शहर के कला प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। यह आयोजन न केवल संगीत को समर्पित होगा, बल्कि इसके जरिए सामाजिक ताने-बाने और लोक कलाओं को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

फुसगढ़ रोड पर सजेगा मंच, दोपहर 3 बजे से शुरू होगा सुरों का सफर

संस्था के सांस्कृतिक कार्यक्रम अधिकारी बलजीत चावला ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि यह पूरा आयोजन समूह के केंद्रीय अध्यक्ष चंद्रमौलि गौड़ की देखरेख में संपन्न होगा। उन्होंने गौरव के साथ बताया कि गुदगुदी जंक्शन के बैनर तले होने वाला यह कुल 176वां आयोजन है, जबकि करनाल के खाते में यह छठा म्यूजिकल इवेंट दर्ज होने जा रहा है। कार्यक्रम के लिए फुसगढ़ रोड पर स्थित एम.डी.डी. बाल भवन को चुना गया है, जहां रविवार दोपहर 3 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक सुरों की त्रिवेणी बहेगी।

हरियाणा के कई जिलों से जुटेंगे सुरों के सरताज, मचेगी धूम

इस संगीत उत्सव की सबसे बड़ी खासियत इसकी स्टार-स्टडेड लाइनअप है। मंच पर जहां बॉलीवुड कलाकार और हिसार-जींद-कैथल बेल्ट के सांस्कृतिक अधिकारी सागर शर्मा अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे, वहीं मशहूर म्यूजिकल ग्रुप "गाता रहे मेरा दिल" के कर्ता-धर्ता सुनील भटनागर भी सुर छेड़ेंगे। इसके अलावा कैथल से डॉ. प्रभाकर पुरी, नरवाना से सचिन शर्मा, यमुनानगर से संजीव गोंदी, मोंटी राजा और राकेश शर्मा सहित कुरुक्षेत्र, अंबाला और करनाल के लगभग 25 मझे हुए गायक हिंदी सिनेमा के सुनहरे दौर के सदाबहार गानों की प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को पुराने दिनों की याद दिलाएंगे।

बाल भवन के बच्चों के साथ रिहर्सल तेज, दिग्गजों की रहेगी मौजूदगी

समारोह को मुकम्मल बनाने के लिए करनाल के स्थानीय कार्यक्रम अधिकारी पी.के. जॉन पूरी शिद्दत के साथ बाल भवन के होनहार विद्यार्थियों के साथ तैयारियों और फाइनल रिहर्सल को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इस मौके पर कला जगत की हौसलाअफजाई के लिए एम.डी.डी. बाल भवन के संस्थापक निदेशक पी.आर. नाथ, गुदगुदी जंक्शन के संरक्षक जितेंद्र बंसल, गगनदीप ढींगरा, करनाल कार्यकारिणी के संरक्षक प्रो. जोगेंद्र सिंह मदान और जिला प्रभारी पुनीत बजाज सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। आयोजकों ने शहर के तमाम संगीत प्रेमियों को इस सुरीली शाम का गवाह बनने का न्योता दिया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!