Search

Summer Special Trains: हरियाणा-राजस्थान होकर दिल्ली-गुजरात के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, देखें टाइम टेबल

May 28, 2026 10:29 AM

हरियाणा। जून का महीना शुरू होने वाला है और इसके साथ ही रेल गाड़ियों में पैर रखने की जगह नहीं मिल रही है। गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की इसी भारी भीड़ और वेटिंग लिस्ट की मारामारी को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाया है। रेलवे प्रशासन ने गुजरात के भावनगर टर्मिनस से दिल्ली के शकूरबस्ती के बीच एक नई साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। इस नई रेलसेवा के शुरू होने से न केवल दिल्ली और गुजरात, बल्कि रूट में पड़ने वाले हरियाणा और राजस्थान के हजारों दैनिक व लंबी दूरी के यात्रियों को सीधा फायदा पहुंचेगी।

नारनौल और रेवाड़ी के यात्रियों के लिए बड़ी सहूलियत, जानिए पूरा टाइम टेबल

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने इस नई स्पेशल ट्रेन के शेड्यूल की विस्तृत जानकारी साझा की है। उनके मुताबिक, गाड़ी संख्या 09257 भावनगर टर्मिनस-शकूरबस्ती साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 29 मई से 26 जून 2026 तक हर शुक्रवार को चलाई जाएगी। यह ट्रेन भावनगर टर्मिनस से शुक्रवार दोपहर 2:20 बजे सीटी बजाकर रवाना होगी और अगले दिन यानी शनिवार सुबह 7:44 बजे हरियाणा के नारनौल स्टेशन पर पहुंचेगी। नारनौल में दो मिनट का संक्षिप्त ठहराव लेकर यह सुबह 7:46 बजे आगे बढ़ेगी और दोपहर 10:55 बजे अपने अंतिम स्टेशन शकूरबस्ती पहुंच जाएगी।

वापसी का यह रहेगा शेड्यूल, 27 जून तक मिलेगी सुविधा

इसी तरह वापसी दिशा में भी यात्रियों को पूरा मौका मिलेगा। गाड़ी संख्या 09258 शकूरबस्ती-भावनगर टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल 30 मई से 27 जून 2026 तक हर शनिवार को पटरी पर दौड़ेगी। वापसी में यह ट्रेन दिल्ली के शकूरबस्ती से शनिवार दोपहर 1:15 बजे छूटेगी और दोपहर 3:09 बजे नारनौल स्टेशन पर आकर रुकेगी। यहां दो मिनट के स्टॉपेज के बाद दोपहर 3:11 बजे ट्रेन आगे के लिए कूच करेगी और अगले दिन रविवार सुबह 8:50 बजे भावनगर टर्मिनस पहुंचेगी।

आरामदायक सफर के लिए 22 कोच, इन प्रमुख शहरों को जोड़ेगी यह ट्रेन

रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इस स्पेशल ट्रेन में हर वर्ग के यात्रियों की जेब और सहूलियत का ध्यान रखा गया है। ट्रेन में कुल 22 कोच जोड़े गए हैं, जिनमें 2 सेकेंड एसी, 4 थर्ड एसी, 3 थर्ड एसी इकोनॉमी, 7 स्लीपर क्लास और आम जनता के लिए 4 सामान्य श्रेणी (जनरल) के डिब्बे शामिल हैं। इसके अलावा एक पावरकार और एक गार्ड का डिब्बा भी रहेगा।

रूट की बात करें तो यह ट्रेन गुजरात, राजस्थान और हरियाणा के बड़े व्यापारिक और पर्यटन केंद्रों को आपस में जोड़ेगी। यात्रा के दौरान यह गाड़ी भावनगर, बोटाद, अहमदाबाद, आबूरोड, अजमेर, फुलेरा, रींगस, नीमकाथाना, नारनौल, रेवाड़ी, गुरुग्राम और दिल्ली कैंट जैसे प्रमुख स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकेगी।

You may also like:

Please Login to comment in the post!