Chandigarh News: स्वास्थ्य सचिव ने दिए अस्पतालों में गुणवत्ता मानकों पर तेज़ी से काम करने के निर्देश
May 14, 2026 5:46 PM
चंडीगढ़: यूटी प्रशासन के स्वास्थ्य सचिव मंदीप सिंह बराड़ की अध्यक्षता में आज यानी वीरवार को राज्य गुणवत्ता आश्वासन समिति (एसक्यूएसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चंडीगढ़ के स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्ता प्रमाणन की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त निशांत कुमार यादव, स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक-सह-एमडी एनएचएम डॉ. सुमन सिंह, डायरेक्टर प्रिंसिपल जीएमसीएच-32 डॉ. रवनीत कौर, विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के अधिकारी, इंजीनियरिंग विभाग के प्रतिनिधि और अन्य समिति सदस्य मौजूद रहे।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि राज्य के पांच स्वास्थ्य संस्थानों ने राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन (एनक्यूएएस) प्राप्त किया है, जिनमें जिला अस्पताल तथा जीएमएसएच-16 ने 96.29 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। इसके साथ ही 11 स्वास्थ्य संस्थानों को राज्य गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त होने की भी समीक्षा की गई। उन्होंने इसे चंडीगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।। इसके अलावा 11 संस्थानों को राज्य गुणवत्ता प्रमाणन मिलने की भी समीक्षा की गई।
इसे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में एक अच्छी उपलब्धि बताया गया। स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि अभी जो प्रगति हुई है वह अच्छी है, लेकिन लक्ष्य यह है कि चंडीगढ़ के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को राष्ट्रीय मान्यता मिले। इसके लिए उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे बुनियादी ढांचे और सेवाओं में मौजूद कमियों की पहचान कर समयबद्ध कार्ययोजनाएं तैयार करें और उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करें। उन्होंने इंजीनियरिंग विभाग को भी निर्देश दिए कि वे राज्य गुणवत्ता प्रकोष्ठ के साथ मिलकर सभी जरूरी निर्माण और मरम्मत के काम समय पर पूरे करें, ताकि सभी अस्पताल राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरी तरह तैयार हो सकें।