Search

जालंधर में BSF हेडक्वार्टर के बाहर ब्लास्ट: फुटपाथ पर खड़ी एक्टिवा के पास बम रख भागा अज्ञात, खालिस्तानियों ने ली जिम्मेदारी

May 06, 2026 9:46 AM

जालंधर: जालंधर में बीएसएफ फ्रंटियर हेडक्वार्टर के सामने मंगलवार रात करीब 7:57 बजे एक धमाका हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना पीएपी चौक के पास फुटपाथ पर खड़ी एक एक्टिवा स्कूटी के पास हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस धमाके में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद पुलिस, फोरेंसिक टीम और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और जांच शुरू कर दी गई।

सूत्रों के मुताबिक, एक संदिग्ध युवक पैदल रॉन्ग साइड से पीएपी चौक की ओर आता दिखाई दिया। वह सीधे उस जगह पहुंचा जहां फुटपाथ पर एक्टिवा खड़ी थी। युवक ने एक पॉलिथीन में लिपटा पैकेट स्कूटी के पास रखा और तुरंत वहां से बस अड्डे की दिशा में भाग गया। कुछ ही सेकंड बाद जोरदार धमाका हो गया। एजेंसियों को शक है कि आरोपी का कोई साथी पहले से मौके के आसपास मौजूद था, जिसके साथ वह फरार हो गया।

खालिस्तानियों ने जिम्मेदारी ली 

घटना के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई, जिसमें खालिस्तान लिबरेशन आर्मी ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में दावा किया गया कि यह हमला ऑपरेशन “नवा सवेरा” का हिस्सा है और आगे भी ऐसे हमले जारी रहेंगे। साथ ही, एक वरिष्ठ अधिकारी और उनके परिवार को धमकी भी दी गई है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने इस पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इसे जांच का हिस्सा बताया है।

पुलिस का बयान और जांच की दिशा

जालंधर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि स्कूटी में आग लगने के बाद विस्फोट हुआ। उन्होंने बताया कि स्कूटी पर दो युवक आए थे और दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फोरेंसिक टीम को मौके से विस्फोटक के अवशेष मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है ताकि विस्फोट के प्रकार और तकनीक का पता लगाया जा सके।

जिस एक्टिवा में धमाका हुआ, वह बीएसएफ के पूर्व जवान कश्मीर सिंह की बताई जा रही है। उनका बेटा गुरप्रीत सिंह, जो कूरियर का काम करता है, घटना के समय वहां मौजूद था। गुरप्रीत ने पूछताछ में बताया कि वह पार्सल लेने आया था और स्कूटी खड़ी कर गेट पर इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक युवक वहां से गुजरा और कुछ देर बाद धमाका हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

गुरप्रीत के पिता कश्मीर सिंह ने बेटे को निर्दोष बताया है। उनका कहना है कि उनका बेटा हाल ही में काम पर लगा था और उसका किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि से कोई संबंध नहीं है। घटना के बाद जांच एजेंसियां गढ़ा इलाके में उनके घर भी पहुंचीं और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस घटना से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!