मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान ने लाइव शो के दौरान कॉमेडी से लंबा ब्रेक लेने किया एलान, स्वास्थ्य पर ध्यान देने की कही बात
Jan 21, 2026 10:11 AM
हैदराबाद: मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान ने अपने प्रशंसकों को चौंकाते हुए कॉमेडी से लंबे ब्रेक की घोषणा की है। वर्षों से लगातार शो और देश-विदेश के दौरों में व्यस्त रहने के बाद अब उन्होंने अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देने का फैसला किया है। जाकिर खान ने यह घोषणा अपने ‘पापा यार’ कॉमेडी टूर के तहत हैदराबाद में हुए हालिया लाइव शो के दौरान की। शो के बीच उन्होंने दर्शकों से खुलकर बात करते हुए बताया कि वह अब कॉमेडी से कुछ समय के लिए दूरी बनाना चाहते हैं। इस दौरान का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर सामने आया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
अपने फैसले को लेकर जाकिर खान ने कहा कि यह ब्रेक छोटा नहीं, बल्कि काफी लंबा हो सकता है। उन्होंने दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा, “मैं एक लंबे, बहुत लंबे ब्रेक पर जा रहा हूं। संभव है कि यह ब्रेक 2028, 2029 या फिर 2030 तक भी चले। मुझे अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देना है और कुछ जरूरी काम निपटाने हैं।” जाकिर के इस ऐलान के बाद उनके फैंस भावुक भी नजर आए, लेकिन साथ ही उन्होंने उनके फैसले का समर्थन किया। जाकिर खान अपने अनोखे अंदाज, सादगी और जिंदगी से जुड़े किस्सों के लिए जाने जाते हैं और लंबे समय से भारतीय स्टैंड-अप कॉमेडी का एक बड़ा नाम बने हुए हैं। अब उनके प्रशंसक उम्मीद कर रहे हैं कि वह स्वस्थ होकर एक बार फिर नए जोश के साथ मंच पर वापसी करेंगे।