अखिलेश यादव के छोटे भाई का 38 साल की उम्र में निधन: पल्मोनरी एम्बोलिज्म से जूझ रहे थे प्रतीक यादव, पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे सपा प्रमुख
May 13, 2026 10:06 AM
लखनऊ: लखनऊ में बुधवार सुबह समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का निधन हो गया। 38 वर्षीय प्रतीक यादव को सुबह करीब 6 बजे परिवार के सदस्य सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिविल अस्पताल के चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. डीसी पांडेय के मुताबिक अस्पताल पहुंचने तक उनकी पल्स पूरी तरह डाउन हो चुकी थी और हार्ट ने काम करना बंद कर दिया था। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पोस्टमॉर्टम किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में कराया जा रहा है।
लखनऊ में पसरा मातम, फेफड़ों की बीमारी से थे परेशान
प्रतीक यादव के निधन की खबर सामने आते ही लखनऊ के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई। अखिलेश यादव पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे और परिवार के अन्य सदस्य भी वहां मौजूद रहे। भाजपा नेता और उनकी पत्नी अपर्णा यादव उस समय असम में थीं। सूचना मिलने के बाद वे तुरंत लखनऊ के लिए रवाना हो गईं। परिवार के करीबी लोगों के मुताबिक प्रतीक पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। हालांकि परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
सूत्रों के मुताबिक 30 अप्रैल को प्रतीक यादव की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां कुछ दिनों तक इलाज चला और हालत में सुधार होने के बाद वे घर लौट आए थे। डॉक्टरों के अनुसार वे पल्मोनरी एम्बोलिज्म जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। इस बीमारी में खून का थक्का फेफड़ों की नसों में फंस जाता है, जिससे ब्लड सर्कुलेशन अचानक रुक सकता है। हालांकि अंतिम कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
राजनीति से दूर रखा खुद को
प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। परिवार के कई सदस्य सक्रिय राजनीति में रहे, लेकिन प्रतीक ने राजनीतिक जीवन से दूरी बनाए रखी। उन्होंने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी। इसके बाद वे फिटनेस और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़ गए। लखनऊ में उनका ‘द फिटनेस प्लैनेट’ नाम से जिम भी था। फिटनेस को लेकर वे सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चित रहते थे।
प्रतीक यादव ने करीब 14 साल पहले अपर्णा यादव से लव मैरिज की थी। दोनों की दो बेटियां हैं। अपर्णा यादव वर्तमान में भाजपा से जुड़ी हुई हैं और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। इस साल जनवरी में दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चा तेज हुई थी, जब प्रतीक ने सोशल मीडिया पर तलाक का संकेत दिया था। हालांकि कुछ दिनों बाद दोनों के बीच सुलह हो गई थी। प्रतीक ने इंस्टाग्राम पर अपर्णा के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा था, “All is Good यानी सब अच्छा है।”
फिटनेस और लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए थे चर्चित
प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहने के बावजूद अक्सर चर्चा में रहते थे। उन्हें फिटनेस, बॉडी बिल्डिंग और लग्जरी कारों का शौक था। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और वीडियो काफी वायरल होते थे। वे पशु प्रेम के लिए भी जाने जाते थे। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर जानवरों के साथ कई तस्वीरें मौजूद थीं। करीबी लोगों के मुताबिक वे शांत स्वभाव के थे और सार्वजनिक मंचों से दूरी बनाए रखते थे।