Chandigarh News: एसआईआर के पहले चरण में 87.19 फीसदी मतदाताओं का सत्यापन पूरा, 66 हजार नामों की होगी जांच
शहर में एसआईआर-2026 का गणना चरण पूरा
Chandigarh News: शहर में एसआईआर-2026 का गणना चरण पूरा हो गया है। मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान में 5.16 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाताओं का सत्यापन किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रेरणा पुरी ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 15 जून से 14 जुलाई तक चले इस चरण में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया और गणना प्रपत्र एकत्र किए। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ में कुल 5,16,427 मतदाताओं को गणना प्रक्रिया में शामिल किया गया। बीएलओ द्वारा सभी मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए गए, जिनमें से 4,50,246 प्रपत्र (87.19 प्रतिशत) प्राप्त होकर डिजिटाइज किए जा चुके हैं। वहीं, 66,146 प्रपत्र (12.81 प्रतिशत) ऐसे रहे, जो कई प्रयासों के बावजूद प्राप्त नहीं हो सके।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एसआईआर-2026 का प्रमुख उद्देश्य वर्तमान मतदाताओं को वर्ष 2002 की विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचक नामावली से जोड़ना भी था। प्राप्त प्रपत्रों में से 1,67,397 मतदाताओं ने स्वयं मैपिंग, जबकि 2,13,398 मतदाताओं ने माता-पिता के माध्यम से मैपिंग कराई। इस तरह कुल 3,80,795 मतदाताओं का पुरानी मतदाता सूची से सफलतापूर्वक मिलान किया गया। उन्होंने बताया कि जिन 66,146 मतदाताओं के गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुए, उनके संबंध में बीएलओ ने क्षेत्रीय सत्यापन किया। इसमें 43,724 मतदाता स्थायी रूप से स्थानांतरित, 12,568 अनुपस्थित, 3,535 मृत, 2,590 डुप्लीकेट तथा 3,729 अन्य कारणों से संबंधित पाए गए। सत्यापन के आधार पर इन प्रविष्टियों को 21 जुलाई को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।
614 से घटकर 575 हुए मतदान केंद्र
प्रेरणा पुरी ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा और बेहतर प्रबंधन के लिए मतदान केंद्रों के युक्तिकरण की प्रक्रिया भी पूरी की गई है। इसके तहत चंडीगढ़ में मतदान केंद्रों की संख्या 614 से घटाकर 575 कर दी गई है। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए निर्वाचन विभाग ने व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान चलाया। इसके तहत हिंदी, अंग्रेजी और पंजाबी में प्रचार सामग्री, सोशल मीडिया अभियान, रेडियो संदेश, एसएमएस अलर्ट, जागरूकता वैन, नुक्कड़ नाटक और विशेष शिविरों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। इस अभियान में एनएसएस स्वयंसेवकों, इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब और वोटर अवेयरनेस फोरम ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
21 जुलाई को जारी होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 21 जुलाई 2026 को प्रारूप निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी। यह सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की वेबसाइट और ईसीआईनेट प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। इसके बाद 21 जुलाई से 18 सितंबर तक नोटिस चरण चलेगा, जिसमें बिना मैपिंग विवरण वाले मतदाताओं और अन्य विसंगति वाले मामलों की जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता का नाम बिना उचित प्रक्रिया, सुनवाई का अवसर और कारणयुक्त आदेश के बिना मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिन नागरिकों के नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं होंगे, वे 21 जुलाई से 20 अगस्त तक फॉर्म-6 भरकर दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके अलावा नाम या पते में संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा। प्रेरणा पुरी ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे 21 जुलाई को जारी होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और किसी भी त्रुटि की स्थिति में निर्धारित समय सीमा के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कराएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
