August 1, 2026

Yamunanagar BREAKING: यमुनानगर में 3 करोड़ के सोने की दिनदहाड़े लूट, व्यापारी के पेट में मारा चाकू

0
Yamunanagar BREAKING: यमुनानगर में 3 करोड़ के सोने की दिनदहाड़े लूट, व्यापारी के पेट में मारा चाकू

यमुनानगर में 3 करोड़ के सोने की दिनदहाड़े लूट

Yamunanagar BREAKING: हरियाणा के यमुनानगर जिले में बेखौफ बदमाशों ने पुलिसिया तंत्र को सीधी चुनौती देते हुए डकैती की एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। अमृतसर से यमुनानगर और जगाधरी के ज्वैलर्स को सोने का रॉ-मैटीरियल सप्लाई करने आए एक सर्राफा व्यापारी से बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने करीब 3 करोड़ रुपये की कीमत का 2 किलो सोना लूट लिया। इस दौरान बदमाशों ने व्यापारी के पेट में चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए और उनके बेटे के सिर पर पिस्टल तानकर वारदात को अंजाम दिया। लूल-लहान हालत में व्यापारी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सिलसिलेवार जानिए, कैसे दिया खौफनाक वारदात को अंजाम

1. सुनसान रास्ते पर पहले से घात लगाए बैठे थे बदमाश
अमृतसर निवासी गोल्ड कारोबारी जयपाल सिंह अपने बेटे इंद्रवीर के साथ शुक्रवार को यमुनानगर क्षेत्र में सोने की डिलीवरी देने आए थे। उन्हें सबसे पहले महलावाली इलाके में सर्राफा कारोबारियों को सामान पहुंचाना था। जब वे पंचकूला-सहारनपुर नेशनल हाईवे से खुंडेवाला-महलावाली रोड पर खेतों के बीच से गुजरने वाले एकांत रास्ते पर पहुंचे, तभी पीछे से आई एक बिना नंबर की बाइक ने उनकी कार के आगे आकर कट मारा और गाड़ी रुकवा ली।

2. बेटे की कनपटी पर तानी बंदूक, विरोध पर चाकू से किए कई वार
पीड़ित जयपाल सिंह के मुताबिक, बाइक सवार दोनों बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। गाड़ी रुकते ही एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर बेटे इंद्रवीर की कनपटी पर रख दी और चिल्लाकर कहा कि जो कुछ भी गाड़ी में है, चुपचाप निकाल दो। जैसे ही जयपाल ने गाड़ी में रखा बैग बचाने की कोशिश की और विरोध जताया, तो दूसरे बदमाश ने उनके पेट में चाकू से दनादन कई वार कर दिए।

3. लहूलुहान पिता को देख घबराया बेटा, बैग छीनकर भागे बदमाश
पिता को खून से लथपथ देखकर बेटा इंद्रवीर सहम गया। इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने गाड़ी से करीब 2 किलो सोने के रॉ-मैटीरियल से भरा बैग छीन लिया। इस कच्चे सोने का इस्तेमाल ज्वेलरी बनाने में होना था। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश लहराते हुए हथियार के साथ मौके से फरार हो गए।

सीआईए और पुलिस टीम जांच में जुटी, नाकाबंदी कर तलाशी अभियान तेज
वारदात के तुरंत बाद सहमे हुए बेटे ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना छप्पर पुलिस और सीआईए-1 (CIA-1) की स्पेशल टीमें दलबल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने तुरंत घायल कारोबारी जयपाल को यमुनानगर के अस्पताल में भर्ती कराया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई है। पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में लग रहा है कि बदमाशों को व्यापारी की मूवमेंट और रूट की पहले से सटीक जानकारी थी, जिसके आधार पर उन्होंने इस वारदात की रेकी की होगी। फिलहाल पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने का दावा कर रही है।

यह भी पढ़ें– शहीद उधम सिंह के 87वें बलिदान दिवस पर जगाधरी में नमन, मेयर सुमन बहमनी ने अर्पित की श्रद्धांजलि

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed