Search

ओडिशा के अस्पताल में आग लगने की घटना में हुई जनहानि से अत्यंत व्यथित हूं : राष्ट्रपति मुर्मू

Mar 16, 2026 2:47 PM

नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को ओडिशा के एक अस्पताल में आग लगने की घटना में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए राष्ट्रपति और सांसदों के एक समूह ने एक मिनट का मौन रखा। इन सांसदों को यहां नाश्ते के लिए आमंत्रित किया गया था। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के आईसीयू में रविवार देर रात भीषण आग लगने से कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गयी।

राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ओडिशा के कटक में स्थित एक अस्पताल में भीषण आग लगने से हुई जनहानि से अत्यंत व्यथित हूं। मेरी हार्दिक संवेदनाएं मृतक के परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’’ राष्ट्रपति कार्यालय ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, तेलंगाना, ओडिशा, गोवा, पुडुचेरी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव और लक्षद्वीप के संसद सदस्यों को नाश्ते पर आमंत्रित किया।

इसमें कहा गया है, ‘‘एकजुटता का भाव व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और संसद सदस्यों ने ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज में हुए भीषण अग्निकांड में मारे गए लोगों के लिए राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में एक मिनट का मौन रखा।’’

You may also like:

Please Login to comment in the post!