Search

Punjab News: बलात्कार के मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक पठानमाजरा गिरफ्तार

Mar 25, 2026 10:07 AM

पटियाला: बलात्कार के एक मामले में पिछले साल सितंबर से फरार आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को पटियाला में गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सनौर से निर्वाचित और पहली बार विधायक बने पठानमाजरा पिछले साल सितंबर में दर्ज बलात्कार के मामले में वांछित थे। उन्होंने बताया कि पठानमाजरा को पटियाला पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने यहां सिविल लाइंस थाने में पठानमाजरा के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी देने के आरोप में एक सितंबर 2025 को मामला दर्ज किया था। यह मामला जीरकपुर की एक महिला की शिकायत पर दर्ज किया गया था जिसने आरोप लगाया था कि विधायक ने खुद को तलाकशुदा बताकर उसके साथ संबंध बनाए और पहले से विवाहित होने के बावजूद 2021 में उससे शादी की। महिला ने विधायक पर उसका लगातार यौन शोषण करने, उसे धमकाने और उसे ‘‘अश्लील’’ सामग्री भेजने का आरोप लगाया है।

‘आप’ विधायक को इस मामले में पेश नहीं होने पर भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। पठानमाजरा बलात्कार के मामले में दो सितंबर से फरार थे। पंजाब पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जब हरियाणा के करनाल गई थी, तब वह भाग निकले थे। पुलिस ने तब दावा किया था कि वह करनाल जिले के डाबरी गांव में अपने एक रिश्तेदार के घर पर थे और जब पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची तो विधायक के समर्थकों ने पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी की थी और पथराव किया था। हालांकि, पठानमाजरा ने पुलिस पर गोलीबारी में शामिल होने के दावों का खंडन करते हुए कहा था कि वह यह पता लगने के बाद भाग गए थे कि उन्हें ‘‘फर्जी मुठभेड़’’ में मार दिया जाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!