नारनौल में गुरु रविदास जी की कलश यात्रा का भव्य स्वागत

Narnaul News: नारनौल के प्रसिद्ध मोडा वाला मंदिर में गुरु रविदास जी की कलश यात्रा के पहुंचने पर श्रद्धालुओं एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। बनारस से प्रारंभ हुई यह कलश यात्रा प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर से होते हुए नारनौल नगर मंडल के शक्ति केंद्र पहुंची।कलश स्थापना कार्यक्रम में निकाय मंत्री विपुल गोयल, विधायक ओम प्रकाश यादव, विधायक कंवर सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ यतेंद्र राव तथा नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने विधिवत रूप से गुरु रविदास जी के कलश की स्थापना कर श्रद्धा एवं आस्था प्रकट की। कार्यक्रम का आयोजन मंडल अध्यक्ष हेमंत चौबे की अध्यक्षता में किया गया।
शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि सच्ची भक्ति में मानव सेवा, प्रेम और करुणा का भाव निहित है। गुरु रविदास जी के आदर्शों को अपनाकर समरस एवं श्रेष्ठ समाज का निर्माण किया जा सकता है। जिला अध्यक्ष डॉ यतेंद्र राव ने कहा कि गुरु रविदास जी ने समाज को समानता, सद्भाव, भाईचारे और मानवता की राह दिखाई। उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। कलश यात्रा के माध्यम से गुरु रविदास जी के विचारों और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मार्केट कमेटी वाइस चेयरमैन सुरेश चौधरी, जिला सचिव मनीष संधी, सपना गुप्ता, जिला मीडिया प्रमुख विकास अग्रवाल, संजय सैनी, मंडल उपाध्यक्ष मंजू सोनी, धीरज अग्रवाल, राजेश शर्मा, पूर्व चेयरमैन मार्किट कमेटी जेपी सैनी, भवानी सिंह, शक्ति केंद्र प्रमुख सुरेंद्र सोनी, ग्यारसी लाल सैनी, सक्रिय बूथ अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, सरोज कश्यप, प्रशांत शर्मा, गोविंद सैनी, दीपेश सैनी, डॉ. अनिल सैनी एवं धर्मेंद्र गोसाई सहित अनेक कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान गुरु रविदास जी के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में भाईचारा, सद्भाव एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।
