Search

Breaking: जयपुर के रिहायशी इलाके में पटाखा गोदाम में आग, बच्चे समेत 4 की दर्दनाक मौत से मचा हड़कंप

Jun 09, 2026 4:53 PM

जयपुर: जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे एक पटाखा गोदाम में भीषण आग लग गई। हादसे में बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना आयशा नगर तलाई क्षेत्र में आईटीआई कॉलेज के पास स्थित गोदाम में हुई। आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर मौजूद लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दमकल और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

अग्निकांड में जान गंवाने वालों में रामगंज निवासी अब्दुल वाहिद की पहचान हो चुकी है। वहीं तीन अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

चार मजदूर गंभीर रूप से झुलसे

हादसे में घायल हुए आजीम खान (18), नासिर खान (20), समीर खान (20) और बिलाल (22) को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी खोह नागोरियान के रहीम नगर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। एसएमएस अस्पताल के प्लास्टिक सर्जन डॉ. आरके जैन के अनुसार समीर और नासिर करीब 95 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। बिलाल 75 प्रतिशत और आदिब 65 प्रतिशत तक जल गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि पटाखों का गोदाम खोह नागोरियान के आयशा नगर तलाई क्षेत्र में आईटीआई कॉलेज के पास स्थित था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग लगी हो सकती है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि जहां हादसा हुआ वह पटाखे रखने का गोदाम था, जबकि इसकी फैक्ट्री कुछ दूरी पर स्थित है। उन्होंने कहा कि विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

अवैध संचालन पर होगी कार्रवाई

पुलिस प्रशासन ने स्वीकार किया है कि गोदाम रिहायशी इलाके में अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। इसी कारण अब गोदाम मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि लाइसेंस, सुरक्षा मानकों और संचालन संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी। यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद स्थानीय विधायक अमीन कागजी ने प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाके में बारूद और पटाखों का गोदाम संचालित हो रहा था, तो क्या इसकी जानकारी पुलिस को नहीं थी। विधायक ने यह भी कहा कि जिम्मेदारी तय किए बिना मामले को नहीं छोड़ा जाना चाहिए। उनके अनुसार यह केवल एक हादसा नहीं बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का मामला भी है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

You may also like:

Please Login to comment in the post!