Search

करनाल में कांग्रेस का बड़ा मंथन: राव नरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिया 'बूथ जीतो' का मंत्र, संजय मैहला ने दी जानकारी

Jun 13, 2026 5:39 PM

नीलोखेड़ी (महाबीर मैहला)। हरियाणा में सियासी हलचलों के बीच कांग्रेस ने अपने सांगठनिक ढांचे को दुरुस्त और कार्यकर्ताओं को रीचार्ज करने की मुहिम तेज कर दी है। इसी सिलसिले में करनाल के जाट भवन में हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की सदारत में एक बेहद महत्वपूर्ण और रणनीतिक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए संगठन की कमियों को दूर करना, कार्यकर्ताओं को नए सिरे से लामबंद करना और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करना रहा। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रभारियों, जिला अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया।

संजय मैहला ने बैठक को बताया 'टर्निंग पॉइंट'

बैठक में विशेष रूप से शामिल हुए जिला परिषद करनाल के पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि एवं कांग्रेस के जिला उपप्रधान (ग्रामीण) संजय मैहला ने इस मंथन को संगठन के लिए बेहद संजीवनी बताया। मैहला ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने दो टूक शब्दों में सभी पदाधिकारियों को धरातल पर उतरने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश अध्यक्ष का साफ मानना है कि जब तक हमारा कार्यकर्ता बूथ स्तर पर मजबूत नहीं होगा, तब तक हम जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सकते। राव नरेंद्र सिंह के इस स्पष्ट विजन ने कार्यकर्ताओं में एक नया जोश भर दिया है।

घर-घर जाकर खोली जाएगी प्रशासनिक नाकामियों की पोल

संजय मैहला ने बैठक के इनसाइड एजेंडे की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान राजनीतिक हालातों पर बहुत बारीकी से चर्चा की गई है। पार्टी ने तय किया है कि अब सिर्फ बड़े मंचों से भाषणबाजी नहीं होगी, बल्कि कार्यकर्ता गांव-गांव, वार्ड-वार्ड और घर-घर जाकर लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं जैसे— बिजली, पानी, बदहाल सड़कें और बेरोजगारी के मुद्दों पर जनता के साथ खड़े होंगे। संजय मैहला के मुताबिक, "प्रदेश अध्यक्ष का मार्गदर्शन हमारे लिए एक नई दिशा तय करने वाला रहा। उन्होंने स्पष्ट किया है कि आम आदमी की आवाज को दबाने की किसी भी कोशिश का कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी।"

निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ेगी कांग्रेस

जाट भवन में हुई इस बैठक को सांगठनिक नजरिए से मील का पत्थर बताते हुए संजय मैहला ने भरोसा जताया कि राव नरेंद्र सिंह के कुशल और अनुभवी नेतृत्व में हरियाणा कांग्रेस आने वाले दिनों में और अधिक सशक्त व एकजुट होकर उभरेगी। उन्होंने कहा कि बैठक में लिए गए कड़े फैसलों का असर जल्द ही जमीन पर दिखाई देने लगेगा। कार्यक्रम के अंत में वहां मौजूद तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आपसी मतभेदों को भुलाकर पार्टी की विचारधारा और जन कल्याणकारी विजन को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की सामूहिक शपथ भी ली।

You may also like:

Please Login to comment in the post!