फिरोजपुर: पंजाब के तरनतारन ज़िले में सोमवार को एक लॉ कॉलेज में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां प्रथम वर्ष के एक छात्र ने अपनी ही सहपाठी छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। पुलिस के अनुसार आरोपी छात्र की पहचान प्रिंस राज के रूप में हुई है, जिसने कॉलेज के क्लासरूम में संदीप कौर को सिर में गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसी पिस्तौल से खुद को भी गोली मार ली। डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) जगबीर सिंह ने बताया कि घटना उस समय हुई जब कक्षा अभी शुरू नहीं हुई थी।
प्रिंस राज क्लासरूम में पहुंचा और अचानक संदीप कौर पर फायरिंग कर दी। इसके बाद उसने खुद को गोली मार ली। दोनों छात्र तरनतारन के उस्मा गांव स्थित लॉ कॉलेज में फर्स्ट ईयर के छात्र थे। घटना के बाद आरोपी छात्र को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं संदीप कौर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। कॉलेज परिसर में हथियार कैसे पहुंचा, इसे लेकर भी जांच की जा रही है। घटना के बाद कॉलेज परिसर में दहशत का माहौल है।
भरे क्लासरूम में छात्रा की हत्या, CCTV फुटेज में खुला पूरा सच
यह घटना सुबह लगभग 9 बजे हुई, जब क्लास शुरू नहीं हुई थी और सभी छात्र-छात्राएं क्लासरूम में घूम रहे थे। कॉलेज के CCTV फुटेज में घटना पूरी तरह कैद हुई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी छात्र प्रिंसराज ने बैंच पर बैठी छात्रा संदीप कौर और उसकी सहेली से पहले थोड़ी बहस की। कुछ ही मिनटों में यह बहस हिंसक रूप में बदल गई और प्रिंसराज ने पिस्टल निकाल ली। वह सीधे संदीप के सिर के पास गया और गोली चला दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। गोली लगते ही छात्रा नीचे गिर पड़ी और सहेली डर के मारे वहीं खड़ी रह गई। घटना इतनी तेज थी कि पास खड़े अन्य छात्र-छात्राएं भी हैरान रह गए। फुटेज में यह भी दिख रहा है कि कुछ छात्र तुरंत बाहर भागे और हड़कंप मच गया। घटना के कुछ ही सेकंड में क्लासरूम का माहौल पूरी तरह डर और सन्नाटे में बदल गया।
सहेली ने बाहर जाकर दी सूचना, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की
घटना के बाद सहेली डर के मारे बाहर भागी और कॉलेज मैनेजमेंट को घटना की जानकारी दी। इसके तुरंत बाद बाकी छात्र और स्टाफ भी बाहर आए और हंगामा मच गया। प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, क्लासरूम और परिसर को सील किया और सभी छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला।
CCTV फुटेज और छात्राओं के बयान के आधार पर पुलिस ने घटना का क्रम समझा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह हत्या पूर्व नियोजित लगती है। आरोपी छात्र की पहचान कर ली गई है और उसे पकड़ने के लिए विशेष टीम तैनात की गई है।