₹370 की बिरयानी और शर्मनाक सोच: प्रणित मोरे के शो का वीडियो देख भड़के लोग, उर्फी जावेद ने दिखाई 'औकात'
Jun 01, 2026 6:01 PM
डेस्क। अपनी कॉमेडी टाइमिंग और क्राउड वर्क के लिए युवाओं के बीच पहचान बना रहे स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे इन दिनों अपनी एक परफॉर्मेंस को लेकर गंभीर विवादों के घेरे में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों का गुस्सा भड़क उठा है। वीडियो में प्रणित एक दर्शक के बेहद आपत्तिजनक और डराने वाले 'डेटिंग एक्सपीरियंस' को न सिर्फ मजे लेकर सुनते दिख रहे हैं, बल्कि उस पर ठहाके भी लगा रहे हैं। इस असंवेदनशीलता को लेकर जहां आम जनता उन्हें ट्रोल कर रही है, वहीं फैशन आइकॉन और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर उर्फी जावेद का गुस्सा भी प्रणित पर फूट पड़ा है। उर्फी ने इस पूरे मामले को लेकर पूरी पुरुष मानसिकता पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं।
'बन गए भैया कूल'— उर्फी जावेद ने लगाई क्लास
उर्फी जावेद ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर इस वायरल वीडियो की क्लिप को साझा करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। उर्फी ने इसे 'घिनौना' बताते हुए लिखा, 'एक बार फिर मर्दजात अपनी औकात दिखाते हुए। सभी लोग हंस रहे हैं। गंवार! बन गए भैया कूल।' उर्फी का यह गुस्सा सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गया है। नेटिजन्स का एक बड़ा वर्ग उर्फी के इस स्टैंड का समर्थन कर रहा है और उनका मानना है कि कॉमेडी के नाम पर इस तरह के व्यवहार को बढ़ावा देना बिल्कुल गलत है।
क्या है पूरा माजरा, क्यों फंसे प्रणित मोरे?
यह पूरा विवाद प्रणित मोरे के एक लाइव शो के दौरान शुरू हुआ, जहां वे दर्शकों से बातचीत (क्राउड वर्क) कर रहे थे। इसी दौरान शो में मौजूद एक लड़के ने अपनी एक डेट का किस्सा सुनाना शुरू किया। लड़के ने बताया कि वह एक लड़की को डेट पर ले गया था, जहां उसने लड़की की फरमाइश पर ₹360-370 की बिरयानी खिलाई। लेकिन जब लड़की ने भोजन के बाद उससे गरिमा के साथ घर छोड़ने को कहा, तो लड़के ने अपनी घटिया सोच उजागर कर दी। लड़के ने शो में सरेआम कहा, 'मैंने अगर ₹370 की बिरयानी खिलाई है, तो मैं अपने पैसे तो वसूल करके ही रहूंगा।'
इस बेहद संवेदनशील और महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाले बयान को रोकने या उसकी निंदा करने के बजाय, कॉमेडियन प्रणित मोरे मंच पर हंस पड़े और इसे 'पीक गुड़गांव कंटेंट' (Peak Gurgaon Content) करार दे दिया।
कॉमेडी और शालीनता की सीमा पर छिड़ी बहस
वीडियो के सामने आने के बाद से इंटरनेट पर बहस छिड़ गई है कि आखिर कॉमेडी के नाम पर किस हद तक गिरा जा सकता है। लोगों का कहना है कि किसी महिला के साथ जबरदस्ती या उसकी मर्जी के खिलाफ 'पैसे वसूलने' जैसी बात सीधे तौर पर अपराध की श्रेणी में आती है और इसे मजाक का हिस्सा बनाना किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकता। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि प्रणित जैसे इन्फ्लुएंसर्स को समाज में सही संदेश देना चाहिए, न कि ऐसी ओछी और खतरनाक हरकतों को 'कूल' बताकर उन पर ठहाके लगाने चाहिए। फिलहाल इस चौतरफा फजीहत पर प्रणित मोरे की तरफ से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।