August 31, 2026

जिले के पांचों शहरों में पानी व सीवर कनेक्शन वैध करने का अभियान जारी अभियान के बाद अवैध कनेक्शनधारियों पर होगी विभागीय कार्रवाई:

0
Nnl 4

Narnaul News: जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, परिमंडल नारनौल द्वारा जिले के पांचों शहरों के नागरिकों के लिए “जल एवं सीवरेज कनेक्शन स्वीकृति अभियान” चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नागरिक अपने अवैध एवं अनधिकृत जल एवं सीवरेज कनेक्शनों को बिना किसी कनेक्शन शुल्क के स्वीकृत एवं नियमित करवा सकते हैं।
अधीक्षक अभियंता एस.पी. जोशी ने बताया कि अभियान के तहत अभी तक किए गए सर्वे के दौरान अटेली शहर में 82 जल एवं 145 सीवरेज कनेक्शन, कनीना में 68 जल एवं 202 सीवरेज कनेक्शन, महेंद्रगढ़ में 96 जल एवं 312 सीवरेज कनेक्शन, नांगल चौधरी में 279 जल एवं 623 सीवरेज कनेक्शन तथा नारनौल में 158 जल एवं 261 सीवरेज कनेक्शन वैध किए जा चुके हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपने कनेक्शनों को जल्द से जल्द वैध एवं नियमित करवाएं।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत केवल जल कनेक्शन, केवल सीवरेज कनेक्शन अथवा जल एवं सीवरेज दोनों कनेक्शन स्वीकृत करवाए जा सकते हैं। जल एवं सीवरेज कनेक्शनों की बिलिंग विभाग द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार की जाएगी। उन्होंने बताया कि जल एवं सीवरेज कनेक्शन के आवेदन फार्म विभागीय टीम के पास तथा संबंधित कार्यालयों में उपलब्ध हैं।

आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज

नागरिकों को कनेक्शन स्वीकृति के लिए आवेदन करते समय ये दस्तावेज उपलब्ध करवाने होंगे

फोटो पहचान पत्र, परिवार पहचान पत्र, संपत्ति/मालिकाना हक का प्रमाण निर्धारित आवेदन पत्र

अधीक्षक अभियंता ने नागरिकों से अपील की कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन पत्र जमा करवाकर अपने अवैध अथवा अनधिकृत कनेक्शनों को समय रहते नियमित करवाएं।

मीटर एवं रोड कटिंग शुल्क भी नहीं

अभियान के प्रमुख लाभों की जानकारी देते हुए अधीक्षक अभियंता एस.पी. जोशी ने बताया कि इस विशेष अभियान के दौरान नागरिकों से कोई भारी फाइल/कनेक्शन शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा मीटर लगाने का कोई शुल्क तथा रोड कटिंग/रोड कट शुल्क भी नहीं लिया जाएगा।

घर-घर सर्वे के माध्यम से अनधिकृत कनेक्शनों की पहचान

उन्होंने बताया कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा जिले के सभी पांचों शहरों में डोर-टू-डोर सर्वे भी करवाया जा रहा है। सर्वे के दौरान अवैध एवं अनधिकृत जल एवं सीवरेज कनेक्शनों की पहचान की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सर्वे के दौरान अपने कनेक्शनों से संबंधित सही जानकारी उपलब्ध करवाएं और इस अभियान का लाभ उठाकर अपने अनधिकृत कनेक्शनों को नियमित करवा लें।

अभियान की अवधि के बाद होगी विभागीय कार्रवाई

अधीक्षक अभियंता ने स्पष्ट किया कि यह अभियान नागरिकों को अपने अवैध एवं अनधिकृत जल एवं सीवरेज कनेक्शनों को बिना किसी कनेक्शन शुल्क के स्वीकृत एवं नियमित करवाने का अवसर प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान की अवधि समाप्त होने के बाद पाए जाने वाले सभी अवैध एवं अनधिकृत जल एवं सीवरेज कनेक्शनों को डिस्कनेक्ट किया जाएगा। इसके पश्चात नया कनेक्शन निर्धारित पेनल्टी एवं लागू शुल्क जमा करवाने के बाद ही स्वीकृत किया जाएगा।

अधीक्षक अभियंता एस.पी. जोशी ने जिले के पांचों शहरों के नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने जल एवं सीवरेज कनेक्शनों को समय रहते नियमित एवं वैध करवाएं। इससे न केवल नागरिकों को भविष्य की विभागीय कार्रवाई से राहत मिलेगी, बल्कि शहरों में पेयजल एवं सीवरेज व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने में भी सहायता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed