आवारा पशुओं के हमले या कुत्ते के काटने से प्रभावित सरल हरियाणा ऑनलाइन पोर्टल पर करें आवेदन

Narnaul News: हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी दयालु-2 योजना के तहत आवारा पशुओं के हमले या कुत्ते के काटने से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में मंगलवार को उपायुक्त अनुपमा अंजली की अध्यक्षता में लघु सचिवालय में जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई, जिसमें इस योजना के तहत लंबित एवं स्वीकृत मामलों की समीक्षा की गई।
डीसी ने बताया कि किसी भी नागरिक की कुत्ते के काटने या आवारा पशुओं के हमले के कारण घायल होने अथवा मृत्यु हो जाने पर निर्धारित आर्थिक सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है। इसके लिए पीड़ित को 90 दिन के अंदर-अंदर आवेदन करना होता है। उपायुक्त ने कहा कि इन मामलों का प्राथमिकता से सत्यापन करने बाद प्रभावित आश्रितों को तुरंत राहत दी जाए।
उन्होंने बताया कि इस योजना में घायल होने पर कम से कम 10 हजार तथा मृत्यु होने पर 5 लाख रुपए तक की सहायता राशि दी जाती है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के तहत आने वाले प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध तरीके से सत्यापन कर पात्र परिवारों को बिना विलंब लाभ पहुंचाया जाए। समिति ने सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर सहमति जताई।
इस बैठक में महेंद्रगढ़ के एसडीएम योगेश सैनी, एसडीएम नांगल चौधरी उदय सिंह, डीएसपी भारत भूषण, सीएमओ डॉ अशोक कुमार तथा जिला सांख्यिकी अधिकारी अनिता के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
