Search

Hanuman Jayanti 2026: उत्तर प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही हनुमान जयंती

Apr 02, 2026 4:07 PM

लखनऊ/वाराणसी: हनुमान जयंती के अवसर पर बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लखनऊ में अलीगंज के हनुमान मंदिरों और हनुमान सेतु पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। हनुमान जयंती के अवसर पर समूचे वाराणसी में विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान किये जा रहे हैं। वाराणसी के प्रसिद्ध संकट मोचन हनुमान मंदिर के महंत ने कहा कि हनुमान जयंती से मंदिर में 10 दिवसीय उत्सव शुरू हुआ है। चैत्र शुक्ल पूर्णिमा के अवसर पर, भगवान हनुमान को समर्पित विशेष श्रृंगार (श्रृंगार), झांकी, आरती और अनुष्ठान किए गए। महंत ने कहा कि सुबह शहनाई वादन, ब्राह्मणों द्वारा रुद्राभिषेक, रामचरितमानस का पाठ, सीता-राम संकीर्तन और सुंदरकांड का पाठ किया गया तथा रात भर भजन-कीर्तन होगा।

उन्होंने कहा कि तीन से पांच अप्रैल तक रामायण सम्मेलन आयोजित किया गया है, जिसमें काशी और देश के अन्य हिस्सों के जाने-माने विद्वान रोजाना शाम पांच बजे से प्रवचन देंगे। इस बीच, शहर के भिखारी पुर इलाके से भक्तों द्वारा एक विशाल ध्वज यात्रा निकाली जा रही है।‘श्री हनुमत सेवा समिति’ के अध्यक्ष राम बली मौर्य ने कहा कि इस शोभायात्रा को पूर्वांचल क्षेत्र में सबसे विशाल शोभायात्राओं में से एक माना जाता है। उन्होंने कहा कि सात राज्यों की झांकियां इस शोभायात्रा का हिस्सा हैं और इस आयोजन के लिए लगभग एक लाख झंडे तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कई भक्त नंगे पैर चलकर संकट मोचन मंदिर में झंडा ले जाएंगे और उन्हें हनुमानजी को चढ़ाएंगे।

अयोध्या से प्राप्त समाचार के अनुसार वहां भी इस अवसर पर सुबह से ही हनुमान गढ़ी मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। करीब दो लाख श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए लाइन में लगे हैं। हनुमानगढ़ी से लेकर राम मंदिर तक भक्तों की लंबी कतारें नजर आयीं। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। भक्तों के लिए सुचारू और व्यवस्थित दर्शन की सुविधा के लिए विभिन्न बिंदुओं पर बैरिकेडिंग लगाई गई है। हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर राम मंदिर परिसर में सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना की गई। विनय कटियार, जयभान सिंह पवैया समेत बजरंग दल के कई पदाधिकारी राम मंदिर में हुए अनुष्ठान में शामिल हुए।

अयोध्या के सभी मठ-मंदिरों में भारी भीड़ नजर आयी। हनुमानजी के दर्शन के लिए भक्त घंटों कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। पूरी रामनगरी भक्ति और आस्था में डूबी नजर आयी। मंदिर ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा के मुताबिक हनुमान जयंती पर राम मंदिर पर भगवा ध्वज फहराया गया। राम मंदिर के अंदर हनुमान मंदिर में ध्वजारोहण समारोह के दौरान विनय कटियार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में 50 से अधिक साधु-संतों के साथ बजरंग दल के 50 से अधिक कार्यकर्ता शामिल हुए। मिश्रा ने कहा कि कुल मिलाकर, लगभग 200 विशिष्ट अतिथियों ने इस धार्मिक कार्यक्रम को देखा। राम मंदिर परिसर के भीतर स्थित मंदिरों में ध्वजारोहण समारोहों की एक श्रृंखला चल रही है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!