Search

प्रधानमंत्री 28 मार्च को करेंगे जेवर हवाई अड्डे का उद्घाटन, तैयारियां जोरों पर

Mar 25, 2026 7:43 PM

गौतमबुद्धनगर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 मार्च को नोएडा में स्थित जेवर हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे, जिसको लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। राज्य सरकार ने बुधवार को एक बयान में कहा कि उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से व्यवस्था को अमली जामा पहनाने में जुट गया है।

बयान के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में की गई समीक्षा के बाद सभी विभाग अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। बयान में बताया गया है कि प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी के साथ यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि यह ऐतिहासिक लोकार्पण कार्यक्रम पूरी तरह सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो।

बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद कार्यक्रम की तमाम व्यवस्थाओं की निरंतर जानकारी ले रहे हैं और हाल ही में उन्होंने हवाई अड्डे का निरीक्षण कर सभी तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को उचित निर्देश भी दिये।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, मार्ग संचालन, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल, बैरिकेडिंग, ‘साइनेज’ और ‘पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम’ सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, पार्किंग और आगमन-प्रस्थान मार्गों को पूरी तरह व्यवस्थित किया जा चुका है, वहीं यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाई गई है और नियंत्रण कक्ष से लगातार निगरानी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि वीवीआईपी, जनप्रतिनिधियों, उद्यमियों, अधिकारियों और आमजन की संभावित बड़ी संख्या को देखते हुए साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!