गाजियाबाद में दर्दनाक हादसा: नौवीं मंजिल से कूदने पर तीन नाबालिग बहनों की मौत
Feb 04, 2026 5:18 AM
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के जिले गाजियाबाद में बीती देर रात एक बेहद दुखद घटना सामने आई, जहां एक बहुमंजिला इमारत की नौवीं मंजिल से कूदने के बाद तीन नाबालिग बहनों की मौत हो गई। यह घटना टीला मोड़ थाना क्षेत्र के भारत सिटी इलाके की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 2:15 बजे सूचना मिली कि भारत सिटी के एक टावर में स्थित फ्लैट की बालकनी से तीन लड़कियां नीचे कूद गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को गंभीर हालत में पाया। पुलिस ने बताया कि मृतक तीनों बहनें स्थानीय निवासी चेतन कुमार की बेटियां थीं। उनकी पहचान निशिका (16 वर्ष), प्राची (14 वर्ष) और पाखी (12 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों बहनें नौवीं मंजिल से गिरकर भूतल पर आ गई थीं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई थीं।
घायल अवस्था में तीनों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से लोनी के एक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सहायक पुलिस आयुक्त अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस घटना के कारणों की गहराई से जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।