Japanese Tourist Hanna: जापानी महिला टूरिस्ट ने भारत के इन 5 शहरों को बताया 'असुरक्षित', लिस्ट में मुंबई-दिल्ली भी शामिल
Jun 12, 2026 4:42 PM
अतिथि देवो भव: की संस्कृति वाले भारत में जब कोई विदेशी सैलानी अकेले घूमने निकलता है, तो उम्मीद की जाती है कि वह खूबसूरत यादें लेकर लौटेगा। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक नए वीडियो ने भारतीय शहरों में महिलाओं, खासकर विदेशी महिला पर्यटकों की सुरक्षा की पोल खोलकर रख दी है। पिछले तीन महीने से भारतीय उपमहाद्वीप की खाक छान रही जापानी ब्लॉगर हन्ना जापन्ना ने अपने निजी अनुभवों के आधार पर देश के पांच ऐसे शहरों का जिक्र किया है, जहां कदम-कदम पर उन्हें खौफ, असहजता या मानसिक प्रताड़ना से गुजरना पड़ा। हालांकि हन्ना ने भारतीयों की दरियादिली की तारीफ भी की है, लेकिन उनके द्वारा साझा किए गए अनुभव आंखें खोलने वाले हैं।
काशी की गलियों में पीछा, मुंबई में बदसलूकी और रक्सौल का मानसिक तनाव
हन्ना ने अपनी इस लिस्ट में अध्यात्म के केंद्र वाराणसी (काशी) को पहले नंबर पर रखा है। उनका दावा है कि यहां अराजक तत्वों द्वारा उनका सबसे ज्यादा पीछा (स्टॉकिंग) किया गया। एक वक्त तो ऐसा आया जब वे खौफ से कांप उठीं कि उनके साथ कुछ अनहोनी होने वाली है। हालांकि, हन्ना का यह भी कहना है कि तमाम डरावने पलों के बावजूद बनारस की अनूठी रंगत के कारण यह उनके पसंदीदा शहरों में शामिल है।
चौंकाने वाला खुलासा मुंबई को लेकर हुआ, जिसे अमूमन लड़कियों के लिए देश का सबसे महफूज शहर माना जाता है। हन्ना ने बताया कि मायानगरी में उन्हें यौन उत्पीड़न (सेक्शुअल हैरेसमेंट) का शिकार होना पड़ा, जिसने इस शहर से उनकी यादों को कड़वा कर दिया। वहीं, बिहार के रक्सौल (नेपाल बॉर्डर) को उन्होंने दूसरा सबसे तनावपूर्ण स्थान बताया, जहां विदेशी होने के कारण कई होटलों ने उन्हें शरण देने से मना कर दिया या फिर मनमाने दाम वसूले।
दिल्ली की आबोहवा ने तोड़ा दम, पूर्वोत्तर के प्रवेश द्वार पर महसूस हुई असहजता
इस सूची में देश की राजधानी दिल्ली चौथे पायदान पर है। हन्ना के मुताबिक, अपने तीन महीनों के सफर में वे तीन बार दिल्ली आईं और हर बार उनका शरीर यहां के प्रदूषण या माहौल को झेल नहीं पाया और वे बीमार पड़ गईं। सूची में पांचवां नाम असम के गुवाहाटी का है। हन्ना ने साफ किया कि असम में उनके साथ कोई अप्रिय घटना तो नहीं घटी, लेकिन पूर्वोत्तर के बाकी राज्यों (जैसे मेघालय या मिजोरम) की तुलना में गुवाहाटी की सड़कों पर अकेले घूमते हुए उन्हें सुरक्षा के लिहाज से एक अजीब सी हिचक और असहजता घेरे रही।
इंटरनेट पर आत्ममंथन का दौर, देशवासियों ने मांगी माफी
हन्ना का यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर आया, इंटरनेट यूजर्स के बीच आत्ममंथन और गुस्से का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में भारतीय नेटिजन्स ने हन्ना के कमेंट सेक्शन में जाकर उनके साथ हुए दुर्व्यवहार के लिए देश की तरफ से माफी मांगी। गुवाहाटी और मुंबई के स्थानीय निवासियों ने लिखा कि एक वैश्विक मंच पर अपने शहरों के बारे में ऐसा सुनना उनके लिए बेहद शर्मनाक है। मुंबई की ही एक महिला यूजर ने व्यवस्था पर तंज कसते हुए लिखा, "हम भले ही खुद को सेफ कहें, लेकिन जमीनी हकीकत यही है कि यहां महिलाओं के लिए रातें आसान नहीं हैं।" कई लोगों ने हन्ना को अगली बार दक्षिण भारत या नगालैंड जैसे सुदूर पूर्वोत्तर राज्यों का रुख करने की सलाह दी है।