Yamunanagar News: रादौर में बीटेक छात्रा ने पश्चिमी यमुना नहर में लगाई छलांग, युवक ने बचाई जान

रादौर में बीटेक छात्रा ने पश्चिमी यमुना नहर में लगाई छलांग
Yamunanagar News: यमुनानगर जिले के रादौर क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बीटेक कंप्यूटर साइंस की एक 20 वर्षीय छात्रा ने पश्चिमी यमुना नहर में छलांग लगा दी। छात्रा कॉलेज की ड्रेस पहने हुए थी और अपना बैग लेकर नहर के पुल पर पहुंची थी। छलांग लगाने से पहले उसने अपना बैग, मोबाइल फोन और चप्पलें पुल पर ही छोड़ दी थीं। पानी का बहाव बेहद तेज होने के कारण छात्रा देखते ही देखते पुल से काफी दूर बह गई, जिससे आसपास मौजूद लोगों के हाथ-पांव फूल गए।
स्थानीय जांबाज युवक ललित ने 1 किमी पीछा कर बचाई जान
इसी दौरान जब स्थानीय निवासियों को घटना का पता चला, तो तुरंत स्थानीय गोताखोर व जांबाज युवक ललित को इसकी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही ललित नहर के किनारे-किनारे दौड़ पड़ा। तब तक छात्रा पानी के तेज बहाव के साथ करीब एक किलोमीटर दूर तक बह चुकी थी। ललित ने बिना वक्त गंवाए उफनती नहर में छलांग लगा दी और भारी मशक्कत के बाद छात्रा को सुरक्षित खींचकर किनारे ले आया। ललित इससे पहले भी नहर में डूब रहे कई लोगों की जान बचा चुका है।
आईकार्ड से हुई पहचान, परिजनों को दी गई सूचना
घटना की सूचना तुरंत डायल-112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुल पर मिले कॉलेज बैग और आईकार्ड की जांच करने पर छात्रा की पहचान कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा स्थित जाटों वाला मोहल्ला निवासी के रूप में हुई। वह रादौर के नाचरौन स्थित एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। पुलिस ने तत्काल परिजनों को संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी और छात्रा को एम्बुलेंस के जरिए इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
परिजनों के बयान दर्ज करने में जुटी पुलिस
रादौर थाना प्रभारी (एसआई) राजेश कुमार ने बताया कि छात्रा को समय रहते नहर से सुरक्षित निकालकर अस्पताल में दाखिल करा दिया गया है, जहां उसकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस के अनुसार, छात्रा ने इतना खौफनाक कदम किस तनाव या वजह से उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और छात्रा के स्वस्थ होने पर उसके बयान दर्ज करेगी, जिसके बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी।
यह भी पढ़ें– हरियाणा की अनाज मंडियों में किसानों से अवैध वसूली, पूर्व वैज्ञानिक ने राज्य सरकार को भेजा ‘कारण बताओ’ नोटिस
