August 24, 2026

लोकतांत्रिक तरीके से काले झंडे दिखाकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराना कोई अपराध नहीं

0
Nnl 3

Narnaul News: हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने गुरुग्राम में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस के युवाओं के खिलाफ FIR दर्ज किए जाने और गिरफ्तारियों को लेकर नायब सैनी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से काले झंडे दिखाकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराना कोई अपराध नहीं है, लेकिन भाजपा सरकार युवाओं की आवाज सुनने के बजाय FIR, गिरफ्तारी और पुलिसिया दमन का सहारा ले रही है।
अटेली में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा, “हरियाणा के युवाओं से इतनी नफरत क्यों, नायब सैनी जी?” गुरुग्राम में शांतिपूर्ण विरोध करने वाले कांग्रेसजनों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में FIR दर्ज की गई और गिरफ्तारियां की जा रही हैं। यह कार्रवाई लोकतंत्र में मिले शांतिपूर्ण विरोध और अपनी बात रखने के अधिकार पर सीधा हमला है। सरकार को चाहिए कि वह युवाओं की आवाज सुने, न कि पुलिस के जरिए उनकी आवाज दबाने का प्रयास करे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि गिरफ्तार किए गए युवाओं के परिवारों को भी परेशान किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने नायब सैनी सरकार से मांग की कि सभी गिरफ्तार युवाओं को तत्काल रिहा किया जाए, FIR वापस ली जाए और उनके परिवारों को परेशान करना तुरंत बंद किया जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी को पुलिस के पीछे छिपने के बजाय जनता के सामने आना चाहिए और प्रदेश के युवाओं की समस्याओं तथा उनकी मांगों को सुनना चाहिए। युवाओं के भविष्य, रोजगार और अधिकारों से जुड़े सवालों का जवाब FIR और गिरफ्तारी नहीं, बल्कि संवाद और समाधान के जरिए दिया जाना चाहिए।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भारत के संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने लोकतांत्रिक चेतना, विचार की स्वतंत्रता और नागरिकों के अधिकारों को सर्वोच्च महत्व दिया था। लेकिन आज हरियाणा में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने वाले युवाओं को डराने और दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यही नायब सैनी सरकार का लोकतंत्र और बाबासाहेब के विचारों के प्रति सम्मान है?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार युवाओं की आवाज दबाकर उसे खत्म नहीं कर सकती। आवाज को दबाने की हर कोशिश उसे और बुलंद करेगी। कांग्रेस हरियाणा के युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों और उनके सम्मान की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।

इस अवसर पर उनके साथ जिला अध्यक्ष सत्यवीर यादव झुकिया , अटेली ब्लॉक अध्यक्ष सुमेर प्रधान , पंचायती राज जिला अध्यक्ष सुरेंद्र पाराशर , बलवंत सिंह , प्रोफ राजबीर , नरेंद्र अटाली , जयपाल , सुमेर , बाबूलाल , अनुज जांगड़ा , अशोक प्रधान , संदीप बेवल , बिल्लू , भूपसिंह , महेंद्र चौहान , अतुल यादव , संतोष बाबू जी , रमेश नंबरदार , पवन सिंह , रोशन , मंगतू राम , सुभाष सिलारपुर , उमेद सिंह , सूबेदार नंदराम , शिवहरी भारद्वाज , सुनील शर्मा , राजा राम , पिंटू मिर्जापुर सहित सकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed