श्री नामदेव समाज समिति की वार्षिक आम सभा संपन्न, भावी विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार

Narnaul News: नारनौल के रविदास मार्ग पुरानी सराय स्थित नामदेव भवन में रविवार को श्री नामदेव समाज समिति (रजि.) नारनौल की वार्षिक आम सभा का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता रोहिल्ला टांक क्षत्रिय सभा महेंद्रगढ़ के प्रधान बृजलाल रोहिला ने की, जबकि समिति के संरक्षक सुभाष चंद्र वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभा में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री नामदेव समाज चैरिटेबल ट्रस्ट के उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार वर्मा ‘रतन’, सतनाली से बाबू लाल रोहिल्ला, कनीना से नरेश रोहिल्ला और नांगल चौधरी से श्याम सुंदर रोहिल्ला ने शिरकत की।
समिति के सचिव डॉ. संजय कुमार ने बैठक का एजेंडा प्रस्तुत करते हुए सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान ओम प्रकाश लुहारिया द्वारा गत वर्ष के आय-व्यय का पूरा विवरण सदन के सामने रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।समिति के प्रधान जुगेन्द्र कुमार लखमरा ने आगामी समय में किए जाने वाले सामाजिक व भावी कार्यों की रूपरेखा साझा की। उन्होंने समाज के लोगों से संस्था को मजबूत करने और समाज हित में बढ़-चढ़कर सहयोग करने का आह्वान किया।
बैठक में रखे गए सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। कार्यक्रम के समापन पर उप प्रधान प्रदीप कुमार वर्मा ने सभी अतिथियों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया।
