जन्माष्टमी शोभायात्रा: दिल्ली के डीबीजी रोड, अजमल खान रोड पर यातायात प्रभावित होने की संभावना

दिल्ली यातायात पुलिस की ओर से ट्रेफिक एडवायजरी जारी
Janmashtami Shobhayatra: कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मंगलवार को शोभायात्रा के कारण दिल्ली के डीबीजी रोड, अजमल खान रोड और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित होने की संभावना है। पुलिस ने यह जानकारी दी। दिल्ली यातायात पुलिस की ओर से जारी परामर्श के अनुसार, अपराह्न एक बजे शुरू शोभायात्रा के शाम सात बजे तक संपन्न होने की संभावना है। पुलिस ने बताया कि शोभायात्रा में करीब 2,000 श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। परामर्श में कहा गया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए डीबीजी रोड, अजमल खान रोड और आसपास की सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रह सकती है और शोभायात्रा के दौरान जाम लगने की भी आशंका है।
यातायात पुलिस ने लोगों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने और असुविधा से बचने के लिए मंगलवार अपराह्न एक बजे से शाम सात बजे के बीच डीबीजी रोड और अजमल खान रोड पर जाने से बचने की सलाह दी है। प्रभावित इलाकों से गुजरने वाले लोगों को अपनी सुविधा के अनुसार पंचकुइयां रोड, न्यू रोहतक रोड और आसपास की अन्य सड़कों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। यात्रियों से मार्ग पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने तथा यातायात संकेतों एवं प्रतिबंधों का ध्यान रखने को भी कहा गया है।
