Punjab Weather Update : पठानकोट में मूसलाधार बारिश से बदला मौसम, 14 जिलों में अलर्ट

Punjab Weather Update : पठानकोट में मूसलाधार बारिश से बदला मौसम, 14 जिलों में अलर्ट
Punjab Weather Update : पंजाब में उमस भरे मौसम के बीच राहत की खबर आई है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 14 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। सीमावर्ती जिले पठानकोट में सुबह से ही मूसलाधार बारिश का दौर जारी है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
इसके अलावा होशियारपुर और रोपड़ (रूपनगर) के ऊपरी तथा दूर-दराज के क्षेत्रों में तेज बारिश को लेकर मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी जारी की है। राजधानी चंडीगढ़ में भी आसमान में बादलों का डेरा है और एक-दो स्पेल में गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। स्थिति को देखते हुए विभाग ने चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
बठिंडा में 35.7 डिग्री पहुंचा पारा, लेकिन आज से मिलेगी राहत
राज्य भर में बीते 24 घंटों के भीतर अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि पारा अभी भी सामान्य से करीब 1.8 डिग्री ऊपर बना हुआ है। मंगलवार को बठिंडा राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 35.7 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। आंकड़ों पर नजर डालें तो बीते दिन रूपनगर में 19.0 मिमी और पठानकोट में 1.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है, जबकि गुरदासपुर, अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर और मानसा समेत 10 अन्य जिलों में छिटपुट बौछारें पड़ने की उम्मीद है।
कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय, पर मानसून की समय से पहले विदाई के संकेत
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) और उत्तर-पश्चिम में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) की जुगलबंदी के कारण पंजाब के आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ी है। हालांकि, चंडीगढ़ मौसम केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल ने मानसून को लेकर अहम जानकारी साझा की है। उनके मुताबिक, मानसून का मुख्य ट्रैक दक्षिण की तरफ खिसक गया है, जिससे पंजाब में मानसून कमजोर स्थिति में रहेगा। ऐसे में इस बार मानसून की विदाई उम्मीद से पहले हो सकती है और आने वाले दिनों में राज्य के केवल कुछ हिस्सों में ही सीमित बारिश देखने को मिलेगी।
