Paris Fashion Week: पेरिस फैशन वीक में छाया ऐश्वर्या राय का ‘रॉयल क्राउन लुक’, केंडल जेनर संग रैंप पर बिखेरा वही पुराना जादू
पेरिस फैशन वीक में छाया ऐश्वर्या राय का 'रॉयल क्राउन लुक'
Paris Fashion Week: वैश्विक मंच पर जब भी भारतीय खूबसूरती और ग्रेस का जिक्र होता है, तो ऐश्वर्या राय बच्चन का नाम सबसे पहले जेहन में आता है। फ्रांस में आयोजित पेरिस फैशन वीक में एक बार फिर पूर्व विश्व सुंदरी का वही जलवा देखने को मिला। सौंदर्य क्षेत्र के दिग्गज ब्रांड ‘लॉरियल पेरिस’ (L’Oréal Paris) की ओर से आयोजित ‘ले डेफिले’ (Le Défilé) रनवे शो में ऐश्वर्या ने अपनी उपस्थिति से समां बांध दिया। केंडल जेनर, सेलीन डियोन जैसी हॉलीवुड और फैशन जगत की दिग्गजों के बीच ऐश्वर्या का अंदाज इतना अलग और शाही था कि वहां मौजूद हर शख्स बस देखता ही रह गया।
‘वॉक योर वर्थ’ थीम, ब्लैक गाउन और सिर पर सजा ताज
इस साल लॉरियल के शो की थीम ‘वॉक योर वर्थ’ (Walk Your Worth) रखी गई थी, जिसका मुख्य मकसद महिलाओं के भीतर आत्मसम्मान, निडरता, विविधता और महिला सशक्तिकरण का जश्न मनाना था। इस खास मौके के लिए ऐश्वर्या राय बच्चन ने मशहूर फैशन डिजाइनर यारा शूमेकर (Yara Shoemaker) का डिजाइन किया हुआ एक बेहद ड्रामेटिक ब्लैक वेलवेट गाउन चुना। गाउन के साथ उनके सिर पर सजा एक खूबसूरत क्राउन (ताज) उनके पूरे लुक को बिल्कुल महारानी जैसा रूप दे रहा था। ढलती उम्र के बीच ऐश्वर्या की यह एलिगेंस और बेमिसाल ग्रेस देखते ही बन रही थी।
ग्लोबल स्टार्स संग मंच किया साझा, इंटरनेट पर फैंस का उमड़ा प्यार
पेरिस के रनवे पर ऐश्वर्या ने हॉलीवुड सिंगर सेलीन डियोन, सुपरमॉडल केंडल जेनर, एक्ट्रेस ईवा लोंगोरिया, ‘ब्रिजर्टन’ फेम सिमोन एश्ली, वियोला डेविस और दिग्गज अभिनेत्री जेन फोंडा जैसी वैश्विक हस्तियों के साथ कदम से कदम मिलाकर रैंप वॉक किया। जैसे ही ऐश्वर्या का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं, फैंस ने उन पर तारीफों की बौछार कर दी। एक प्रशंसक ने लिखा— “इतने सालों बाद भी स्टेज पर आपका वही पुराना जादू कायम है, खूबसूरती और आत्मविश्वास का कोई मुकाबला नहीं।” वहीं दूसरे फैन का कहना था— “आप केवल सुंदर नहीं हैं, बल्कि कई पीढ़ियों की महिलाओं के लिए एक बहुत बड़ी प्रेरणा हैं।”
2003 से कायम है लॉरियल से रिश्ता, 2019 में किया था डेब्यू
गौरतलब है कि ऐश्वर्या राय बच्चन का लॉरियल पेरिस के साथ रिश्ता बेहद पुराना है। वह साल 2003 में इस अंतरराष्ट्रीय ब्रांड की ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर बनी थीं, जबकि पेरिस फैशन वीक के रनवे पर उन्होंने साल 2019 में अपना डेब्यू किया था। तब से लेकर आज तक वे लगातार इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो ऐश्वर्या को आखिरी बार दिग्गज निर्देशक मणिरत्नम की ऐतिहासिक-ड्रामा फिल्म ‘पोन्नियिन सेल्वन: पार्ट 2’ (Ponniyin Selvan: II) में मुख्य भूमिका निभाते देखा गया था, जिसमें उनकी अदाकारी की काफी सराहना हुई थी।
यह भी पढ़ें– प्रियंका चाहर चौधरी पर भड़के शहजाद पूनावाला, कहा ‘गोल्ड डिगर’, दी थप्पड़ मारने की धमकी
