Sonipat Fake Currency Press: जापानी पार्क के पास 7.38 लाख के नकली नोटों संग 3 गिरफ्तार, सोनीपत में छप रहे थे 500 के नोट
जापानी पार्क के पास 7.38 लाख के नकली नोटों संग 3 गिरफ्तार, सोनीपत में छप रहे थे 500 के नोट
Sonipat Fake Currency Press: राजधानी दिल्ली और उससे सटे एनसीआर इलाकों में जाली भारतीय मुद्रा (FICN) को असली बनाकर खपाने वाले एक अंतरराज्यीय सिंडिकेट का दिल्ली पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
रोहिणी जिले की डीआईयू (DIU) टीम ने एक सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को सेक्टर-13 रोहिणी स्थित जापानी पार्क के पास से रंगे हाथों दबोच लिया। तीनों के पास से 500-500 रुपये के कुल 1,476 नकली नोट बरामद हुए हैं, जिनकी कुल कीमत 7 लाख 38 हजार 500 रुपये है।
मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा सोनीपत के गांव ठरू निवासी 28 वर्षीय साहिल खर्ब को लेकर हुआ है। साहिल ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए अपने घर के बाहर ‘खर्ब एंटरप्राइजेज वॉटर सॉल्यूशन’ नाम का बोर्ड लगा रखा था। बाहर से देखने पर लगता था कि वह आरओ (RO) सिस्टम की होलसेल और रिटेल बिक्री का जायज काम करता है, लेकिन मकान के भीतर उसने आधुनिक प्रिंटर और मशीनरी लगा रखी थी, जहां दिन-रात 500 रुपये के नकली नोट छापे जा रहे थे।
जापानी पार्क के पास बिछाया गया जाल, फुटपाथ पर डील करते ही पुलिस ने घेरा
प्रशांत विहार पुलिस स्टेशन के हेड कॉन्स्टेबल आशीष को 30 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनीपत का साहिल खर्ब अपने साथी गोसाई राम (22, निवासी बाड़मेर, राजस्थान) के साथ मिलकर छापे गए जाली नोटों की बड़ी खेप जयपुर निवासी पुष्कर राज पुरबिया उर्फ ‘डॉक्टर’ (56) को सौंपने आ रहा है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार की कयादत में डीआईयू रोहिणी की एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने महर्षि दयानंद मार्ग और सेक्टर-13 रोहिणी के आसपास घेराबंदी की। रात करीब 8:30 बजे पुष्कर राज पुरबिया पेड़ के नीचे फुटपाथ पर आकर खड़ा हुआ और किसी का इंतजार करने लगा। कुछ ही देर में पीठ पर काले बैग टांगे साहिल खर्ब और गोसाई राम भी वहां पहुंच गए। जैसे ही गोसाई राम ने अपने बैग से नोटों का पैकेट निकालकर पुष्कर राज को थमाया, पहले से घात लगाकर बैठी पुलिस टीम ने तीनों को चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।
