Search

पंजाब में रक्तपात के बावजूद 'आप' सरकार मौन, भाजपा की इस 'बी-टीम' को उखाड़ फेंकें: खरगे

Feb 28, 2026 9:55 PM

बरनाला: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह सीमावर्ती इलाकों में जबरन वसूली की धमकियों, मादक पदार्थों की तस्करी और हथियारों की तस्करी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।

खरगे ने आम आदमी पार्टी (आप) को भारतीय जनता पार्टी की ‘बी-टीम’ बताया। उन्होंने राज्य में मादक पदार्थों की समस्या को लेकर विशेष तौर पर दोनों दलों पर निशाना साधा। खरगे ने यहां ‘किसान महाचौपाल’ रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आज हर जगह रक्तपात हो रहा, गोलीबारी हो रही है। लोगों की हत्याएं हो रही हैं और महिलाओं के साथ बलात्कार हो रहा है, लेकिन फिर भी यहां की सरकार चुप है।

कांग्रेस अध्यक्ष की यह टिप्पणी सहायक उप-निरीक्षक गुरनाम सिंह और होम गार्ड अशोक कुमार की मौत को लेकर जारी विवाद के बीच आई है। ये दोनों रविवार को पाकिस्तान के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग दो किलोमीटर दूर अधियान गांव में एक जांच चौकी के अंदर गोली लगने से मृत पाए गए थे।

उन्होंने पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सीमावर्ती इलाकों में जबरन वसूली की धमकियों, मादक पदार्थों की तस्करी और हथियारों की तस्करी की घटनाओं की ओर इशारा किया।कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल किया कि राज्य में मादक पदार्थों का इतना प्रसार कैसे हुआ और क्या मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार इस बारे में कुछ कर रही है।

खरगे ने सवाल किया कि बाहर से मादक पदार्थ कैसे आ रहे हैं? मोदी और आम आदमी पार्टी के लोग इसका समर्थन कर रहे हैं। दोनों सरकारें (केंद्र और पंजाब की) बड़ी-बड़ी बातें तो करती हैं, लेकिन मादक पदार्थों के खतरे को रोकने में सक्षम नहीं हैं और न ही इसे रोकना चाहती हैं। उन्होंने पूछा कि केंद्र सरकार सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम क्यों नहीं लगा पा रही है?

खरगे ने कहा कि पंजाब की सरकार भाजपा की ‘बी टीम’ है। हमें अपनी आने वाली पीढ़ी की रक्षा करनी है, उन्हें बर्बाद नहीं करना है। उन्होंने कहा कि अगर पंजाब सुरक्षित है तो देश सुरक्षित है। जब पंजाब एकजुट होता है तो पूरा देश एकजुट होता है। हमें एक अच्छी और मजबूत सरकार लानी होगी।

खरगे ने जनता से 2027 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को सत्ता में लाने की अपील की। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आपको भाजपा की इस ‘बी’ टीम को जड़ से उखाड़ फेंकना होगा। आपको (प्रधानमंत्री नरेन्द्र)मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा को भी जड़ से उखाड़ फेंकना होगा।

खरगे ने भारत-अमेरिका के अंतरिम व्यापार समझौते की आलोचना करते हुए कहा कि केंद्र ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने राष्ट्रीय हितों को समर्पित कर दिया है और भारतीय बाजारों को अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए खोल दिया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!