Search

Barnala News: पीपीसीबी की कार्रवाई के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे सांसद राजेंद्र गुप्ता, अदालत से ट्राइडेंट ग्रुप को बड़ी अंतरिम राहत

May 01, 2026 5:05 PM

बरनाला: पंजाब के प्रसिद्ध उद्योगपति और राज्यसभा सदस्य पद्मश्री राजेंद्र गुप्ता को पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट से उस समय बड़ी राहत मिली, जब अदालत ने उनकी कंपनियों पर पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा की जा रही कार्रवाई पर आगामी सोमवार 4 मई तक रोक लगा दी। शुक्रवार को मुख्य न्यायाधीश और न्यायमूर्ति संजीव बेरी की पीठ के समक्ष हुई सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। कंपनी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता मनीषा गांधी ने अदालत को बताया कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों के अनुसार किसी भी निरीक्षण या जांच से पहले कम से कम 15 दिनों का अग्रिम नोटिस देना अनिवार्य है। उन्होंने बोर्ड की इस कार्रवाई को मनमाना और राजनीति से प्रेरित करार दिया। 

दूसरी ओर बोर्ड की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता डीएस पटवालिया ने अदालत को आश्वासन दिया कि सोमवार तक कंपनी के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जाएगी। हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब सरकार और पीपीसीबी को नोटिस ऑफ मोशन जारी कर दिया है। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई 4 मई तय की है। उल्लेखनीय है कि बीते कल बरनाला के गांव धौला स्थित ट्राइडेंट ग्रुप की फैक्ट्री पर प्रदूषण बोर्ड द्वारा बड़े स्तर पर छापेमारी की गई थी, जिसे लेकर अब कानूनी लड़ाई शुरू हो गई है। राज्यसभा सदस्य पद्मश्री राजेंद्र गुप्ता ने प्रदूषण बोर्ड की इस कार्रवाई को अवैध और प्रतिशोध की नीति बताते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उनके द्वारा दायर याचिका में आरोप लगाया गया है कि बोर्ड द्वारा उनकी कंपनियों को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है।

हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की पीठ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सुनवाई की और विभागीय कार्रवाई पर अंतरिम रोक लगा दी। दूसरी ओर, राजनीतिक विशेषज्ञ इस छापेमारी को राज्य के औद्योगिक माहौल के लिए चिंताजनक बता रहे हैं। यह मामला उस समय और भी गरमा गया जब पंजाब की राजनीति में बड़ी हलचल देखने को मिली। हाल ही में आम आदमी पार्टी के 7 राज्यसभा सदस्य, जिनमें राजिंदर गुप्ता भी शामिल थे, पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस विलय के बाद ही औद्योगिक घरानों पर सरकारी शिकंजा कसा जा रहा है। अब हाईकोर्ट से मिली राहत के बाद सभी की निगाहें सोमवार को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं।

टाइम मैगजीन ने चुना था 'पर्सन ऑफ द ईयर'

व्यवसायी राजिंदर गुप्ता और उनके ट्राइडेंट ग्रुप को अंतरराष्ट्रीय टाइम मैगजीन के दिसंबर 2024 पर्सन ऑफ द ईयर संस्करण में शामिल किया गया था। टाइम के मुख्य संपादक सैम जैकब्स के अनुसार, ट्राइडेंट ग्रुप की टेक्सटाइल (धागा, बाथ और बेड लिनन), पेपर और रसायनों में महत्वपूर्ण उपस्थिति है। ट्राइडेंट के मालिक राजेंद्र गुप्ता और उनके बेटे अभिषेक गुप्ता मिलकर व्यवसाय का प्रबंधन करते हैं। अभिषेक कंपनी के प्रबंध निदेशक का पद संभालते हैं और यूके की वारविक यूनिवर्सिटी से स्नातक हैं। राजेंद्र गुप्ता की एक बेटी नेहा गुप्ता हैं, जिनके पास लंदन के बेयस बिजनेस स्कूल से फाइनेंस में स्नातक की डिग्री है।

पंजाब के 'अंबानी' के नाम से जाने जाते हैं पद्मश्री गुप्ता

ट्राइडेंट का वार्षिक कारोबार 5 हजार करोड़ से अधिक है। राजिंदर गुप्ता को पंजाब का 'धीरूभाई अंबानी' भी कहा जाता है। कंपनी तौलिए, चादरें और सूती कॉटन पेपर तैयार करती है। ट्राइडेंट द्वारा निर्मित उत्पादों का घरेलू और विदेशी दोनों बाजारों में निर्यात किया जाता है। हाल ही में कंपनी ने अमेरिका में अपने उत्पादों की एक प्रदर्शनी लगाई थी, जहां विदेशी ग्राहकों ने उत्पादों की जमकर प्रशंसा की थी।

तिरुपति बालाजी मंदिर को 21 करोड़ रुपये किए दान

पिछले साल पद्मश्री राजेंद्र गुप्ता ने तिरुपति बालाजी मंदिर को 21 करोड़ रुपये दान किए थे। उन्होंने यह राशि तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के एसवी प्राणदान ट्रस्ट को सौंपी। इस अवसर पर उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे। पद्मश्री गुप्ता न केवल एक उद्योगपति हैं, बल्कि एक समाज सेवक भी हैं। वह कई धार्मिक और सामाजिक संगठनों को दान देते रहते हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान ट्राइडेंट ने देश भर में लाखों पीपीई किट और मास्क मुफ्त में तैयार किए और बांटे। उन्होंने श्री काली माता मंदिर पटियाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष के रूप में भी सेवा निभाई, बाद में उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया था।

You may also like:

Please Login to comment in the post!