Search

Barnala News: हंडियाया में शराब के ठेके पर चेकिंग करने गई स्वास्थ्य विभाग की टीम को बिना जांच किए ही लौटना पड़ा वापस

Mar 06, 2026 10:25 AM

हंडियाया/बरनाला: बरनाला के नजदीकी कस्बे हंडियाया में उस समय मामला गंभीर हो गया, जब एक्सपायरी डेट वाली बीयर बेचने के मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम को शराब ठेकेदार द्वारा चेकिंग करवाने से साफ इनकार कर दिया गया। इसके बाद फूड सेफ्टी विभाग की टीम को बिना किसी कार्रवाई के खाली हाथ लौटना पड़ा। मामले की जानकारी देते हुए फूड सेफ्टी ऑफिसर बरनाला, चरणजीत सिंह ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि बरनाला और हंडियाया क्षेत्र में शराब के ठेकों पर एक्सपायरी बीयर बेची जा रही है, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकती है। 

इस सूचना के आधार पर जब विभाग की टीम गुरुवार को ठेके की चेकिंग करने और सैंपल लेने पहुंची, तो वहां मौजूद कर्मचारी ने पहले ठेकेदार से बात करने का हवाला दिया। उन्होंने बताया कि ठेकेदार ने सहयोग करने के बजाय एक्साइज पॉलिसी का तर्क पेश करते हुए कहा कि वे स्वास्थ्य विभाग को अकेले चेकिंग करने की अनुमति नहीं दे सकते। उन्होंने शर्त रखी कि यदि चेकिंग करनी है, तो फूड सेफ्टी विभाग को अपने साथ एक्साइज विभाग के अधिकारियों को लेकर आना होगा। 

जब पॉलिसी की कॉपी मांगी गई, तो ठेकेदार ने इस बारे में भी एक्साइज विभाग से ही तालमेल करने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। फूड सेफ्टी ऑफिसर चरणजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि 'फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट' के तहत शराब और बीयर भी खाद्य पदार्थों के दायरे में आते हैं। इसलिए विभाग के पास किसी भी शराब के ठेके की चेकिंग करने और नमूने लेने का पूरा कानूनी अधिकार है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार को कानूनी पक्ष समझाने के बावजूद जब उन्होंने चेकिंग नहीं करने दी, तो टीम को मजबूरन वापस लौटना पड़ा।


उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी रिपोर्ट

इस घटना को सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने के तौर पर भी देखा जा रहा है। फूड सेफ्टी ऑफिसर चरणजीत सिंह ने बताया कि ठेकेदार द्वारा सहयोग न करने और चेकिंग न होने की पूरी रिपोर्ट तैयार करके विभाग के उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी, ताकि इस मामले में अगली कार्रवाई की जा सके।


एक्साइज विभाग की उपस्थिति के बिना नहीं हो सकती चेकिंग: ईटीओ

इस मामले के संबंध में आबकारी विभाग के ईटीओ नवजोत सिंह से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि एक्साइज पॉलिसी के तहत विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति के बिना शराब के ठेकों की चेकिंग नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ जाकर चेकिंग करवाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि एक्सपायरी बीयर के मामले में ठेके का चालान काटा जा चुका है और उनके अपने अधिकारियों द्वारा सभी ठेकों की चेकिंग की गई है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!