Search

बरनाला विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: एसएसपी दफ्तर का सीनियर क्लर्क 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू

Mar 07, 2026 10:57 AM

बरनाला: पंजाब सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध छेड़ी गई मुहिम के तहत विजिलेंस ब्यूरो बरनाला ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। विजिलेंस टीम ने जिला पुलिस प्रमुख कार्यालय बरनाला में तैनात सीनियर क्लर्क दविंदर सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस के ही एक सहायक उप-निरीक्षक मक्खन शाह की शिकायत पर अमल में लाई गई। 

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता सहायक उप-निरीक्षक मक्खन शाह ने अपनी सर्विस (सेवा काल) में विस्तार करवाने के लिए विभाग के पास आवेदन किया हुआ था। इस संबंध में फाइल को आगे बढ़ाने और प्रक्रिया को पूरा करने के बदले एसएसपी कार्यालय के सीनियर क्लर्क दविंदर सिंह ने कथित तौर पर 10 हजार रुपये की मांग की थी। मक्खन शाह रिश्वत देने का इच्छुक नहीं था, जिस कारण उसने इसकी सूचना विजिलेंस विभाग को दी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस प्रभारी इंस्पेक्टर गुरमेल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। 

योजनाबद्ध तरीके से शिकायतकर्ता को केमिकल युक्त नोट देकर दविंदर सिंह के पास भेजा गया। जैसे ही सीनियर क्लर्क ने रिश्वत की राशि पकड़ी, पहले से तैयार बैठी विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के हाथ धुलवाने पर उनका रंग बदल गया, जो रिश्वत लेने का पुख्ता सबूत बना। इस संबंध में पुष्टि करते हुए इंस्पेक्टर गुरमेल सिंह ने बताया कि आरोपी देवेंद्र सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की भी बारीकी से जांच कर रही है कि क्या आरोपी पहले भी ऐसे मामलों में शामिल रहा है या इस रिश्वतखोरी के जाल में कोई अन्य कर्मचारी भी शामिल है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!