बरनाला के सरकारी प्राइमरी स्कूलों की सूरत बदलने के लिए डीसी की बड़ी पहल, वाई-फाई और आधुनिक कंप्यूटर सेट दिए गए
Apr 20, 2026 5:27 PM
बरनाला: जिला प्रशासन बरनाला द्वारा सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए शुरू की गई मुहिम के तहत, डीसी हरप्रीत सिंह द्वारा सरकारी प्राइमरी स्कूल गुरुसेवक नगर और हंडियाया का विशेष दौरा किया गया। इस दौरे के दौरान उन्होंने न केवल स्कूली प्रबंधों का जायजा लिया, बल्कि बच्चों की जरूरतों को मुख्य रखते हुए अहम साजो-सामान भी भेंट किया। विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से डीसी द्वारा गुरुसेवक नगर स्कूल को 2 कंप्यूटर सेट प्रदान किए गए।
इसी तरह हंडियाया स्कूल के बच्चों के लिए साफ और शुद्ध पीने वाले पानी की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आरओ सिस्टम दिया गया। उन्होंने बताया कि जिले के 12 प्राइमरी स्कूलों को आरओ, 3 स्कूलों को कंप्यूटर और 11 स्कूलों को वाई-फाई इंटरनेट की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इन प्रयासों से जिले के सभी प्राइमरी स्कूलों में ये सुविधाएं 100 प्रतिशत मुकम्मल हो जाएंगी। इस अवसर पर स्कूल स्टाफ और गणमान्य व्यक्तियों ने प्रशासन द्वारा दी गई इन सुविधाओं के लिए डीसी हरप्रीत सिंह और डीईओ इंदु सिमक का विशेष धन्यवाद किया।
बच्चों के साथ बिताया प्यार भरा समय
दौरे के दौरान डीसी ने क्लास रूम में जाकर नन्हे-मुन्ने बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ समय बिताया। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई के स्तर के बारे में जानकारी ली और अध्यापकों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां पढ़ाई में कोई रुकावट न आए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन हर सरकारी स्कूल को कॉर्पोरेट स्तर की सुविधाएं देने के लिए प्रयासरत है।
सरकारी स्कूलों के बच्चे डिजिटल युग के साथी बनेंगे: डीईओ
इस मौके पर मौजूद जिला शिक्षा अधिकारी (एलिमेंट्री) इंदु सिमक ने डीसी द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि डीसी की निजी रुचि के कारण आज जिले के सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर ऊँचा हो रहा है। उन्होंने विभाग की ओर से भरोसा दिलाया कि मुहैया करवाई जा रही इन नई सुविधाओं, जैसे कि इंटरनेट और कंप्यूटर का सही उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा ताकि बच्चे डिजिटल युग के साथ कदम से कदम मिला सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम कर रहा है।