पार्टी से बड़ा कोई नेता नहीं, कांग्रेस की असली ताकत उसके कार्यकर्ता: राहुल गांधी
Feb 28, 2026 4:57 PM
बरनाला: पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से चल रही आंतरिक खींचतान और गुटबाजी पर नकेल कसने के लिए राहुल गांधी ने आज बरनाला की धरती से प्रांतीय नेतृत्व को स्पष्ट और सख्त संदेश दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि पार्टी अनुशासनहीनता को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपने संबोधन के अंत में राहुल गांधी ने खेलों का उदाहरण देते हुए कहा कि कोई भी अकेला खिलाड़ी मैच नहीं जीत सकता।
जीत के लिए टीम वर्क जरूरी है। हमारे पास नेताओं की पूरी टीम है, लेकिन मैं सभी को यह संदेश देना चाहता हूं कि आपको एक 'टीम प्लेयर' के रूप में काम करना होगा। यदि आप ऐसा नहीं करते हैं, तो हमें आपको रिजर्व बेंच पर बिठाने में कोई देर नहीं लगेगी। उन्होंने आगे कहा कि चाहे कोई कितना भी कद्दावर नेता क्यों न हो, कोई भी व्यक्ति पार्टी से ऊपर नहीं है। यदि कोई खिलाड़ी अनुशासन में नहीं रहता है, तो हम उसे सुधारना जानते हैं।
कार्यकर्ताओं को बताया असली ताकत
राहुल गांधी ने पार्टी के निचले स्तर के कार्यकर्ताओं के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में निर्णय लेते समय कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाई जाएगी ताकि संगठन को जमीनी स्तर से मजबूत किया जा सके।
लंबे समय से चल रहा है पंजाब कांग्रेस में क्लेश
बता दें कि पंजाब कांग्रेस में क्लेश पिछले लंबे समय से चल रहा है। कांग्रेस में जहां मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर आंतरिक तकरार चल रही है, वहीं कुछ दिन पहले दलित वर्ग को उचित पद न दिए जाने के आरोपों का भी सामना करना पड़ा है। इस मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान लोकसभा सांसद चरणजीत सिंह चन्नी का बयान सामने आ चुका है। हालांकि उनके बयानों के बाद कांग्रेस के कई नेताओं ने सफाई भी दी थी। मामले के संबंध में लोकसभा सदस्य धर्मवीर गांधी द्वारा पार्टी की अनुशासनहीनता भंग करने पर हाईकमान से एक्शन की मांग की गई है।