Punjab News: रोहतक के पास भीषण सड़क हादसे में डेरा बाबा गुलाब सिंह के प्रमुख प्रबंधक समेत दो युवकों की मौत
Feb 28, 2026 12:49 PM
बरनाला: बरनाला जिले के एक गांव में आज उस समय मातम पसर गया, जब यह खबर पहुंची कि गांव के दो होनहार युवकों की हरियाणा के रोहतक के पास एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई है। इस हादसे में डेरा बाबा गुलाब सिंह के मुख्य प्रबंधक महंत विक्रमजीत सिंह विक्की और उनके साथी गुरचेत सिंह काला की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ये युवक उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक विवाह समारोह में शामिल होने गए हुए थे। खुशियां मनाकर जब वे अपनी गाड़ी से वापस गांव लौट रहे थे, तो हरियाणा के रोहतक के पास उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। हादसा इतना भीषण था कि महंत विक्रमजीत सिंह विक्की और गुरचेत सिंह काला की मौके पर ही मौत हो गई।
इस दर्दनाक घटना में गाड़ी सवार दो अन्य व्यक्ति अवतार सिंह काला भंगू और बिरजू हलवाई गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। महंत बिक्रमजीत सिंह विक्की के निधन की खबर सुनते ही डेरे से जुड़ी संगत और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।