Search

पंजाब में वापस नहीं होगा बेअदबी कानून: बरनाला में सीएम मान ने किया ऐलान, बोले- कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा

May 09, 2026 3:58 PM

बरनाला: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शुक्रवार को बरनाला पहुंचे। वे श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी के विरुद्ध बनाए गए सख्त कानून के उपलक्ष्य में आयोजित 'शुकराना यात्रा' में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए बेअदबी की घटनाओं पर पिछली सरकारों की ढिलाई और वर्तमान सरकार की सख्ती पर बात की। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पंजाब में लंबे समय से शरारती तत्व धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं, लेकिन उचित और सख्त कानून न होने के कारण वे बच निकलते थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब आम आदमी पार्टी की सरकार ने ऐसा मजबूत कानून तैयार किया है जिसके तहत गुरु साहिब की बेअदबी करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

संबोधन के दौरान सीएम ने एक महत्वपूर्ण कानूनी जीत का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस और अकाली दल के बहकावे में आकर एक व्यक्ति ने इस सख्त कानून के खिलाफ पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने न केवल उस याचिका को रद्द किया, बल्कि याचिकाकर्ता पर 10 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कानून को अब कोई भी चुनौती देकर रद्द नहीं करवा सकता, क्योंकि इसे सरकार द्वारा लागू करने के बाद राज्यपाल ने भी अपनी मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वह अकाल पुरख का शुकराना करने के लिए धनौला पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि परमात्मा ने उन्हें बल और बुद्धि दी, जिसकी बदौलत उनकी सरकार जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार कानून बनाने में सफल रही।

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा लड़ाई और झगड़ों की जड़ है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार ने अभी शपथ तक नहीं ली और वहां हालात खराब हो गए। लोगों के घर जल रहे हैं और तनाव का माहौल बना हुआ है।मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पंजाब के लोगों को ऐसी राजनीति से सावधान रहना चाहिए जो समाज को बांटने का काम करती है। उन्होंने कहा कि यदि पंजाब में भी ऐसी ताकतों को बढ़ावा मिला तो राज्य के हालात बिगड़ सकते हैं।मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनका मुकाबला हमेशा बड़े लोगों से रहा है। उन्होंने कहा, “जब भी मेरा पेचा पड़ा है, बड़े लोगों से ही पड़ा है और अब मेरा पेचा मोदी से पड़ा है।” मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी की।

उन्होंने यह भी कहा कि जब सभी लोग हार गए तो अब यह जिम्मेदारी उन पर आ गई है, लेकिन उन्हें लोगों का समर्थन मिलने के कारण किसी बात की चिंता नहीं है।मुख्यमंत्री ने अकाली दल पर भी तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अब सुखबीर बादल कहां हैं और उनकी “नन्हीं छांव” विदेश में बैठकर वकीलों से सलाह ले रही है कि आगे क्या करना है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अकाली दल के नेताओं ने गलत तरीके से धन कमाया है। उन्होंने यहां तक कहा कि यदि किसी पेड़ पर अकाली दल का नाम लिख दिया जाए तो वह भी सूख जाएगा। मुख्यमंत्री के इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर प्रतिक्रिया दी। शुकराना यात्रा के दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!