महंगाई की मार: कांग्रेस द्वारा बरनाला में अनोखा प्रदर्शन, खच्चर रेहड़ी पर चढ़कर जताया रोष
Jun 02, 2026 11:37 AM
बरनाला: देश भर में लगातार बढ़ रही पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों के विरोध में सोमवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा बरनाला में केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ एक विशाल और अनोखा रोष प्रदर्शन किया गया। बरनाला रेलवे स्टेशन से लेकर शहीद भगत सिंह चौक तक बाजार में किए गए इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने मोदी सरकार की जनता विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन आम लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा, क्योंकि कांग्रेसी नेताओं ने महंगाई को व्यंग्यात्मक तरीके से पेश करने के लिए पारंपरिक साधनों का सहारा लिया।
इस रोष प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के जिला अध्यक्ष और हलका विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों द्वारा किया गया। कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बरनाला के रेलवे स्टेशन से लेकर शहीद भगत सिंह चौक तक एक विशाल मार्च निकाला। इस दौरान विधायक काला ढिल्लों सहित कई वरिष्ठ नेता खच्चर रेहड़ी पर सवार हुए, जो कि देश में बढ़ रही तेल की कीमतों पर एक तीखा व्यंग्य था। विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों ने कहा कि मोदी सरकार ने तेल इतना महंगा कर दिया है कि अब आम लोगों के लिए गाड़ियां-मोटरें छोड़कर दोबारा पुराने समय की तरह खच्चर रेहड़ियों पर आने की नौबत आ गई है। विधायक ढिल्लों ने कहा कि जब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें स्थिर हैं या घट रही हैं, तो केंद्र सरकार देश के भीतर पेट्रोल-डीजल के दाम क्यों बढ़ा रही है? यह सीधे तौर पर आम जनता की जेब पर डाका है।
केंद्र पर कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के आरोप
पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक काला ढिल्लों ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कोई बड़ा उछाल न होने के बावजूद, मोदी सरकार बेवजह तेल और गैस सिलेंडरों के रेट बढ़ाकर देश के बड़े कॉर्पोरेट घरानों और मुनाफाखोरों के खजाने भर रही है। उन्होंने कहा कि इस अंधी महंगाई ने मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों की कमर तोड़ कर रख दी है और घरों का बजट पूरी तरह से बिगड़ चुका है।
पंजाब की ‘आप’ सरकार निभा रही दोहरा किरदार
केंद्र सरकार के साथ-साथ कांग्रेस ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को भी इस महंगाई के लिए बराबर का जिम्मेदार ठहराया। विधायक काला ढिल्लों ने भगवंत मान सरकार को घेरते हुए कहा कि राज्य सरकार महंगाई के मुद्दे पर दोहरा किरदार निभा रही है। एक तरफ ‘आप’ महंगाई का रोना रोती है, लेकिन दूसरी तरफ खुद पंजाब में पेट्रोल और डीजल पर लगने वाला वैट कम करने को तैयार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार भी इस लूट में केंद्र का साथ दे रही है। कांग्रेसी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र और राज्य सरकार ने जल्द ही तेल और गैस की कीमतें घटाकर लोगों को राहत नहीं दी, तो इस संघर्ष को और तेज किया जाएगा।