भिवानी में बड़ा हादसा: शादी के 8 दिन बाद दूल्हे की मौत, नीलगाय को बचाने में पेड़ से टकराई कार
May 11, 2026 12:20 PM
भिवानी। भिवानी जिले से एक ऐसी हृदयविदारक खबर आई है जिसने सुनने वालों की रूह कंपा दी। लोहारू के बिसलवास गांव में एक हफ्ते पहले जिस घर से शहनाइयों की आवाज गूंज रही थी, वहां अब अपनों की चीखें सुनाई दे रही हैं। इंदीवाली निवासी 28 वर्षीय राकेश, जिसकी शादी को अभी महज आठ दिन हुए थे, अपने मामा के घर 'भात मोड़ने' की रस्म निभाने आया था। रस्मों के बीच खुशियों का माहौल था, लेकिन किसे पता था कि काल रास्ते में घात लगाए बैठा है।
नीलगाय को बचाने की कोशिश बनी काल, पेड़ से टकराकर उड़े कार के परखच्चे
हादसा उस वक्त हुआ जब राकेश अपने 15 वर्षीय ममेरे भाई योगेश के साथ कार में सवार होकर गैस सिलेंडर भरवाने के लिए निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिसलवास के पास अचानक सड़क पर एक नीलगाय आ गई। तेज रफ्तार कार को जब राकेश ने नीलगाय से बचाने के लिए मोड़ा, तो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक मजबूत पेड़ से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और दोनों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चीखों से गूंज उठा इलाका, शादी के जोड़े में ही विधवा हुई पत्नी
हादसे की खबर मिलते ही डायल-112 बाढड़ा और लोहारू पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। जब दोनों के शव घर पहुंचे, तो वहां कोहराम मच गया। सबसे ज्यादा बुरा हाल राकेश की नवविवाहिता पत्नी का है, जिसके हाथों की मेहंदी का रंग अभी फीका भी नहीं पड़ा था कि मांग का सिंदूर उजड़ गया। राकेश अपने परिवार का बड़ा सहारा था, वहीं 15 साल का योगेश अभी स्कूल की पढ़ाई कर रहा था। एक साथ दो चिरागों के बुझने से इंदीवाली और बिसलवास दोनों गांवों में चूल्हा तक नहीं जला।
पुलिस की कार्रवाई और इलाके में मातम
लोहारू पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह तेज रफ्तार और अचानक जानवर के सामने आने का मामला लग रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल भेज दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस रूट पर नीलगायों का आतंक काफी बढ़ गया है, जो आए दिन हादसों का सबब बनती हैं। फिलहाल, पुलिस कागजी कार्रवाई पूरी कर रही है, लेकिन इस हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है।