हरियाणा: भिवानी कोर्ट को ई-मेल से भेजी गई बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, डॉग स्क्वायड से जांच जारी
Jan 22, 2026 10:39 AM
भिवानी: हरियाणा के भिवानी में जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी एक ई-मेल के माध्यम से भेजी गई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड में आ गया। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी। एसपी सुमित कुमार ने बताया कि जिला कोर्ट को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ है। इसके बाद पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
डॉग स्क्वायड और कई पुलिस टीमें तैनात
धमकी मिलने के बाद कोर्ट परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। डॉग स्क्वायड की टीम ने पूरे परिसर की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही सिविल लाइन थाना पुलिस, सीआईए और अन्य विशेष पुलिस टीमें भी मौके पर मौजूद रहीं। हर कोने की गहन तलाशी ली जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
बार एसोसिएशन ने जताया भरोसा
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान संदीप तंवर ने बताया कि धमकी के बाद से ही पुलिस की सर्च टीम सक्रिय है और कोर्ट परिसर पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने इसे अफवाह बताते हुए कहा कि पूर्व में कोर्ट परिसर में हुई फायरिंग की घटना के बाद से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। फिलहाल ई-मेल की सत्यता की जांच की जा रही है और पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है। प्रशासन ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।