Entertainment News: 'धुरंधर 2' के एक हफ्ते पहले दुनियाभर के सिनेमाघरों में फिर से दिखाया जाएगा फिल्म का पहला पार्ट
Mar 12, 2026 4:36 PM
Entertainment News: मुंबई में फिल्म धुरंधर के निर्माताओं ने इसके सीक्वल की रिलीज से पहले पहले भाग को फिर से सिनेमाघरों में दिखाने का फैसला किया है। निर्देशक आदित्य धर की इस एक्शन-स्पाई फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में नजर आए थे। पांच दिसंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने वैश्विक स्तर पर करीब 1300 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जिसमें से लगभग 1000 करोड़ रुपये भारतीय बाजार से आए थे।
500 स्क्रीन पर दोबारा रिलीज
निर्माताओं की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज इस फिल्म को फिर से बड़े पर्दे पर पेश कर रहे हैं। इसके तहत फिल्म को दुनिया भर में करीब 500 स्क्रीन पर दोबारा प्रदर्शित किया जाएगा। भारत में 12 मार्च से 250 स्क्रीन पर इसका प्रदर्शन शुरू होगा, जबकि 13 मार्च से विदेशों में 250 स्क्रीन पर फिल्म दिखाई जाएगी।
19 मार्च को रिलीज होगा सीक्वल
फिल्म का दूसरा भाग धुरंधर: द रिवेंज 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रहा है। यह रिलीज गुड़ी पड़वा, उगादी और ईद के त्योहारों के आसपास तय की गई है, ताकि फिल्म को बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचाया जा सके।
कई भाषाओं में होगी रिलीज
निर्माताओं ने बताया कि सीक्वल को हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा। इसके अलावा फिल्म के वैश्विक प्रदर्शन से एक दिन पहले यानी 18 मार्च को अमेरिका और कनाडा में विशेष प्रीमियर आयोजित किया जाएगा। फिल्म की कहानी कराची के लयारी इलाके की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें वहां के गैंगवार और खुफिया अभियानों के बीच चल रहे संघर्ष को दिखाया गया है।