आलिया-रणबीर को 'नेपो किड' कहने वालों को इम्तियाज अली का करारा जवाब, टैलेंट पर कही ये बड़ी बात
Jun 06, 2026 1:01 PM
बॉलीवुड में नेपोटिज्म एक ऐसा मुद्दा है, जिस पर आए दिन बहस छिड़ जाती है। आलिया भट्ट और रणबीर कपूर जैसे बड़े सितारों को अक्सर सोशल मीडिया पर 'नेपो किड' कहकर निशाना बनाया जाता है। लेकिन अब फिल्म इंडस्ट्री के संजीदा निर्देशकों में शुमार इम्तियाज अली इन दोनों कलाकारों के समर्थन में उतर आए हैं। एक हालिया इंटरव्यू में इम्तियाज ने इस बात को खारिज कर दिया कि फिल्मी परिवारों में पैदा होने वाले बच्चों की जिंदगी बेहद आसान होती है। इसके उलट, उन्होंने स्टार किड्स के उस मानसिक दबाव को सामने रखा जिसे आमतौर पर लोग नहीं देख पाते।
"बाहर से आने वालों के मुकाबले इन पर होता है ज्यादा दबाव"
इम्तियाज अली ने कहा कि आलिया, रणबीर और इंडस्ट्री के अन्य स्थापित परिवारों से आने वाले कलाकारों को एक अलग तरह की अग्निपरीक्षा से गुजरना पड़ता है। उनके घरों में पहले से ही सफलता के बड़े प्रतिमान (जैसे पिता, मां या चाचा) मौजूद होते हैं। जनता हर कदम पर उनकी तुलना उन दिग्गजों से करती है।
इम्तियाज ने अपना उदाहरण देते हुए समझाया कि, "मेरे जैसे आउटसाइडर के लिए राह थोड़ी आसान थी, क्योंकि मुझ पर किसी विरासत को बचाने का बोझ नहीं था। मैंने जब टीवी शो डायरेक्ट किया तो मुझे लगा कि यह सरल है, लेकिन मेरी बेटी के लिए शायद यह इतना आसान न हो क्योंकि उसके सामने मेरी एक छवि होगी।"
टैलेंट के आगे घुटने टेक देती है आलोचना
रणबीर और आलिया की काबिलियत पर बात करते हुए इम्तियाज ने कहा कि दोनों ही कलाकारों ने अपने अभिनय के दम पर आलोचकों का मुंह बंद किया है। रणबीर को कोई भले ही नेपो किड कह ले, लेकिन स्क्रीन पर उनकी परफॉर्मेंस के बाद ऐसी बातें बेअसर हो जाती हैं। वहीं आलिया भट्ट इतनी मंझी हुई अदाकारा हैं कि दर्शक उन्हें सिर्फ स्क्रीन पर देखना चाहते हैं, न कि यह सोचते हैं कि उन्हें यह मुकाम खैरात में मिला है। इम्तियाज के अनुसार, इन दोनों को खुद को साबित करने के लिए आम लोगों से दोगुनी मेहनत करनी पड़ी है।
'जॉर्डन' और 'बर्फी' के बाद अब 'श्रीराम' बनने को तैयार रणबीर
रणबीर कपूर के साथ 'रॉकस्टार' जैसी कल्ट फिल्म बनाने वाले इम्तियाज ने अभिनेता की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि रणबीर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वह किरदार में इस कदर डूब जाते हैं कि उनका खुद का व्यक्तित्व पीछे छूट जाता है। वह जॉर्डन, बर्फी या भगवान राम का किरदार इस तरह निभाते हैं कि पर्दे पर सिर्फ वह चरित्र ही नजर आता है। नितेश तिवारी की आगामी फिल्म 'रामायण' में रणबीर के श्रीराम बनने को लेकर इम्तियाज ने कहा कि वह यह देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं कि रणबीर इस मर्यादा पुरुषोत्तम के किरदार को मानवीय दृष्टिकोण से कैसे पर्दे पर उतारते हैं।
शाहरुख खान के साथ दोबारा हिट देने की तमन्ना
इंटरव्यू के दौरान जब इम्तियाज से पूछा गया कि क्या वह 'जब हैरी मेट सेजल' की असफलता के बाद दोबारा शाहरुख खान के साथ रुख करेंगे? इस पर उन्होंने बेहद सकारात्मक जवाब दिया। इम्तियाज ने कहा कि किसी एक फिल्म के न चलने का मतलब यह नहीं कि आप बड़े सितारों के साथ काम करना बंद कर दें। उन्होंने कहा, "मैं शाहरुख के साथ फिर से काम करना चाहूंगा। क्या पता अगली फिल्म बहुत बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हो और लोग उसी फॉर्मूले को सफलता की चाबी मानने लगें।"